फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेरिका या कनाडा में भिड़ेंगे भारत-वेस्टइंडीज!: 2027 की टी20 सीरीज को लेकर आया बड़ा अपडेट, क्या है पूरा प्लान?

Mon, 16 Nov 2026 10:26 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

भारत और वेस्टइंडीज के बीच जुलाई 2027 में प्रस्तावित सीरीज के दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले अमेरिका या कनाडा में खेले जा सकते हैं। वॉशिंगटन डीसी और टोरंटो संभावित मेजबान शहरों की दौड़ में सबसे आगे हैं। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड का उद्देश्य उत्तर अमेरिका में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाना है। पूरी सीरीज में दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैच शामिल होने की संभावना है।

विज्ञापन
श्रेयस अय्यर - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट टीम अगले साल वेस्टइंडीज दौरे पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले अमेरिका या कनाडा में खेल सकती है। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड उत्तर अमेरिका में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने की रणनीति के तहत भारत के खिलाफ होने वाले पांच टी20 मैचों में से दो मुकाबलों का आयोजन इस क्षेत्र में कराने पर विचार कर रहा है। संभावित वेन्यू में अमेरिका का वॉशिंगटन डीसी और कनाडा का टोरंटो सबसे आगे बताए जा रहे हैं। ईएसपीएनक्रिकइन्फो ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि वेस्टइंडीज और भारत के बीच जुलाई 2027 में ऑल-फॉर्मेट सीरीज खेली जा सकती है। इसमें दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल होने की संभावना है। हालांकि, दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड की ओर से अभी दौरे के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
विज्ञापन


अमेरिका और कनाडा में हो सकते हैं भारत के दो टी20 मैच
रिपोर्ट के अनुसार, भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के दो मुकाबले उत्तर अमेरिका में आयोजित किए जा सकते हैं। दोनों मैच एक ही वेन्यू पर खेले जाने की संभावना है। इन मुकाबलों की मेजबानी के लिए वॉशिंगटन डीसी और टोरंटो प्रमुख विकल्प हैं। इनके अलावा अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित पोमोना और फ्लोरिडा के लॉडरहिल को भी संभावित वेन्यू की सूची में रखा गया है। पोमोना में 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के क्रिकेट मुकाबले आयोजित होने हैं, जबकि लॉडरहिल का ब्रॉवर्ड काउंटी स्टेडियम पिछले एक दशक से वेस्टइंडीज के कई मुकाबलों की मेजबानी करता रहा है।

जीटी20 कनाडा के जरिए मजबूत हुए रिश्ते
क्रिकेट वेस्टइंडीज  ने कनाडा क्रिकेट के साथ अपने संबंधों को भी मजबूत किया है। दोनों बोर्ड के बीच जीटी20 कनाडा टूर्नामेंट के जरिए सहयोग बढ़ा है। हालांकि, हाल ही में संपन्न टूर्नामेंट का पूरा आयोजन सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस में किया गया था। इसके अलावा वेस्टइंडीज भविष्य में अमेरिका के ओकलैंड कोलिजियम और कनाडा के वैंकूवर में भी मुकाबले आयोजित करने पर विचार कर सकता है। ओकलैंड कोलिजियम में पिछले दो सीजन से मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) के मैच खेले जा रहे हैं।
विज्ञापन


फिलहाल अमेरिका में टेस्ट मैच कराने की योजना नहीं
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड फिलहाल उत्तर अमेरिका में किसी ऐतिहासिक टेस्ट मैच के आयोजन की योजना नहीं बना रहा है। बोर्ड का मुख्य फोकस इस क्षेत्र में सफेद गेंद के क्रिकेट, खासकर टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को बढ़ावा देने पर है। आगामी फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफटीपी) में वेस्टइंडीज के लिए कई टेस्ट सीरीज भी प्रस्तावित हैं। इनमें ज्यादातर सीरीज दो या तीन टेस्ट मैचों की हो सकती हैं।

2028 में लॉर्ड्स में खेल सकती है वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज के आगामी कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण 2028 में इंग्लैंड का दौरा होगा। इस दौरे पर एक टेस्ट मैच ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाने की उम्मीद है। यह मुकाबला वेस्टइंडीज के पहले टेस्ट मैच के 100 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा सकता है। वेस्टइंडीज ने जून 1928 में लॉर्ड्स के मैदान पर ही इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। हालांकि, उस मुकाबले में टीम को एक पारी और 58 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

उत्तर अमेरिका में क्रिकेट का विस्तार करना चाहता है वेस्टइंडीज
क्रिकेट वेस्टइंडीज के चेयरमैन किशोर शैलो ने उत्तर अमेरिका में क्रिकेट का विस्तार करने को बोर्ड की अहम रणनीति बताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में क्रिकेट के लिए निवेश बढ़ा है। इसके अलावा टी20 विश्व कप के आयोजन और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी से इस क्षेत्र में खेल को नई पहचान मिल सकती है। शैलो के मुताबिक, अमेरिका और उत्तर अमेरिका में कैरेबियाई और भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी है, जो क्रिकेट के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बाजार साबित हो सकती है। उन्होंने कहा, 'उत्तर अमेरिका में क्रिकेट का विस्तार करना हमारी रणनीति का अहम हिस्सा है। यह हमारे और क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। आईसीसी ने पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका में निवेश किया है। वहां टी20 विश्व कप खेला गया और अब ओलंपिक भी होने वाले हैं।'

उन्होंने आगे कहा कि क्रिकेट वेस्टइंडीज की भी इस बाजार में अहम भूमिका है और बोर्ड वहां मौजूद संभावनाओं का लाभ उठाना चाहता है। इसके लिए मुकाबलों के आयोजन को लेकर चर्चा चल रही है। उन्हें उम्मीद है कि आईसीसी भी इस क्षेत्र में क्रिकेट के विकास में मदद करेगा।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें