एशिया कप 2022 में भारत के दोनों लीग मैच हो चुके हैं और दोनों मैच जीतकर टीम इंडिया सुपर चार में पहुंच चुकी है। भारत से पहले अफगानिस्तान की टीम सुपर चार में पहुंची थी। अभी भी दो स्थान खाली है और चार टीमें इसकी दावेदार हैं। ग्रुप बी में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच होने वाले मुकाबले में जीतने वाली टीम सुपर चार में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनेगी। वहीं, ग्रुप ए में हॉन्गकॉन्ग और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले से सुपर चार की आखिरी टीम मिलेगी।
पाकिस्तान के लिए हॉन्गकॉन्ग को हराना बहुत मुश्किल नहीं होगा। ऐसे में पाकिस्तान का सुपर चार में पहुंचना लगभग तय है। यहां हम बता रहे हैं कि सभी छह टीमों के लिए अब समीकरण क्या हैं?
भारत और अफगानिस्तान की टीम अपने दोनों मैच जीतकर सुपर चार में पहुंच गई हैं। दोनों टीमें अपने ग्रुप में टॉप पर हैं और अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम का इंतजार कर रही हैं, जिनके खिलाफ उन्हें अगला मैच खेलना है।
फिर होगा भारत और पाकिस्तान का मुकाबला
ग्रुप ए में पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग की टीम अपने पहले मैच भारत से हार चुकी हैं। अब दोनों टीमों के लिए करो या मरो का मैच है। हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर होगी और जीतने वाली टीम सुपर चार में पहुंचेगी। पाकिस्तान के लिए हॉन्गकॉन्ग को हराना बहुत मुश्किल नहीं होगा। ऐसे में सुपर चार के दूसरे मुकाबले में दोनों टीमें फिर से आमने-सामने हो सकती हैं। यह मुकाबला चार सितंबर को खेला जाएगा।
ग्रुप बी में अफगानिस्तान की टीम सुपर चार में पहुंच गई है। अब बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच में जीतने वाली टीम सुपर चार में पहुंचेगी। वहीं, हारने वाली टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। सुपर चार में पहुंचने वाली टीम फिर से अफगानिस्तान से भिड़ेगी। अफगानी टीम इससे पहले टूर्नामेंट में दोनों टीमों को हरा चुकी है।