दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम अपने घर में कोई टी20 सीरीज नहीं जीत पाई है। केएल राहुल के ऊपर इस बार इतिहास बदलने की जिम्मेदारी रहेगी, लेकिन वो अपनी कप्तानी में भारत को कोई मैच नहीं जिता पाए हैं।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत नौ जून से हो रही है। यह पहला मौका होगा, जब दोनों टीमें भारत में पांच टी20 मैच की सीरीज खेलेंगी। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने भारत में दो टी20 सीरीज खेली हैं और दोनों में जीत हासिल की है। इस बार केएल राहुल भारत को जीत दिलाकर इतिहास बदलने की कोशिश करेंगे। राहुल ने अब तक चार मैचों में भारत की कप्तानी की है और सभी में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में उनके सामने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को पहली जीत दिलाने की चुनौती भी होगी।
विज्ञापन
टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है। रोहित की अगुवाई में भारत लगातार 12 टी20 मैच जीत चुका है, जो कि विश्व रिकॉर्ड है। अगर टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला मैच जीत जाती है तो लगातार 13 अंतरराष्ट्रीय टी20 जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड
भारतीय टीम का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहद खराब है। भारतीय जमीन पर दोनों टीमों के बीच कुल दो सीरीज हुई हैं। दोनों सीरीज तीन मैचों की थी और दोनों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। पहली सीरीज भारत 2-0 के अंतर से हारा था, जबकि दूसरी सीरीज 2-1 के अंतर से गंवाई थी। द्विपक्षीय सीरीज में दोनों टीमों ने भारत में कुल छह मैच खेले हैं। इनमें से चार मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीते हैं, जबकि एक भारत के नाम रहा है और एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका रिकॉर्ड
- फोटो : अमर उजाला
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज का शेड्यूल
पहला टी20: नौ जून, अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली दूसरा टी20: 12 जून, बाराबती स्टेडियम, कटक तीसरा टी20: 14 जून, वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम, विशाखापत्तनम चौथा टी20: 17 जून, सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, राजकोट पांचवां टी20: 19 जून, एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु