भारत की अंडर-16 फुटबॉल टीम एएफसी चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के लिए अपने अंतिम ग्रुप मैच में इंडोनेशिया से भिड़ेगी, जिसमें जीत या ड्रॉ से उसका 16 साल का इंतजार खत्म हो जाएगा। वर्ष 2002 में भारत ने अंतिम बार एएफसी अंडर-16 चैंपियनशिप के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई थी, जो उसका टूर्नामेंट में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत और इंडोनेशिया दोनों के दो मैचों में चार अंक हैं। लेकिन इंडोनेशिया ग्रुप सी में बेहतर गोल अंतर से शीर्ष पर है।
इंडोनेशिया के खिलाफ जीत या ड्रॉ से ही भारत क्वार्टरफाइनल में पहुंच जायेगा। हालांकि हार से उसका सफर खत्म हो सकता है लेकिन ऐसा तब होगा जब इसी समय होने वाला ईरान और वियतनाम के बीच मैच ड्रॉ पर खत्म होगा। कोच बिबियानो फर्नांडिज हालांकि जीत के अलावा किसी अन्य चीज के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
फर्नांडिज ने कहा, 'हम हमेशा जीत के लिए खेलते हैं और हम इंडोनेशिया के खिलाफ ऐसा ही करेंगे। हम जानते हैं कि खिलाड़ी कैसा खेलते हैं और अगर हम जीतते हैं तो यह हमारे लिए अच्छा होगा। हम अन्य टीमों पर निर्भर नहीं रहना चाहते।'
उन्होंने कहा, 'लेकिन यह आसान नहीं है। इंडोनेशिया आक्रमण में काफी बेहतरीन टीम है और टीम में अच्छे फारवर्ड भी हैं। हमें अगर जीत दर्ज करनी है तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।' भारत ने शुरूआती मैच में वियतनाम को 1-0 से हराया और उन्होंने इंडोनेशिया से 1-1 से ड्रॉ खेला। इंडोनेशिया ने फिर ईरान को 2-0 से शिकस्त दी लेकिन भारत ने पूर्व चैम्पियन के खिलाफ गोल रहित ड्रॉ खेला।