पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा का मानना है कि यदि भारत शुक्रवार से मुंबई में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट को भी जीतने में सफल रहता है तो वह इंग्लैंड को ‘ब्राउनवाश’ करके पिछले साल मिली 0-4 की हार का बदला चुकता सकता है।
रमीज इस सीरीज में स्टार क्रिकेट पर पहली बार शुरू हुई हिंदी कमेंट्री में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में स्पिनरों को अधिक टर्न मिलेगा और ऐसे में इंग्लैंड के लिए हालात और मुश्किल हो सकते हैं, जिनके बल्लेबाज मानसिक रूप से मजबूत होने के बावजूद तकनीकी तौर पर थोड़ा कमजोर हैं।
बकौल रमीज, ‘भारत सीरीज के सभी मैच जीत सकता है। मुझे लगता है कि मुंबई में गेंद अधिक टर्न लेगी। अहमदाबाद की पिच में स्पिनरों के लिए पेस नहीं थी। आप किसी भी स्पिनर से पूछिए उसे स्पिन कराने के लिए पेस की जरूरत होती है। इससे थोड़ी और स्पिन मिलती है। यदि इंग्लैंड मुंबई टेस्ट हार जाता है तो भारत के लिए मैदान साफ हो जाएगा।
भारत के पास तब 4-0 से जीत दर्ज करने, जिसे हम ब्राउनवाश करते हैं, का सुनहरा मौका होगा।’ हालांकि उन्होंने भारत को आगाह किया कि किसी भी तरह की ढिलाई उसको भारी पड़ सकती है। उन्होंने कहा, ‘भारत का पलड़ा भारी है लेकिन इंग्लैंड मुकाबला करेगा। आपने पहला टेस्ट मैच देखा होगा। उसने उन्होंने जिस तरह से वापसी की उससे मैच रोमांचक बन गया था। एक समय यह नहीं लग रहा था कि कौन जीतेगा या मैच ड्रा होगा। इससे लगता है कि सीरीज रोचक होगी।’