भारत ने इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली अंडर-19 सीरीज के लिए कप्तान आयुष म्हात्रे, उप कप्तान विहान मल्होत्रा और करिश्माई सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सहित कई प्रमुख खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा है। ये खिलाड़ी इंग्लैंड के सफल दौरे से लौटे हैं। ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम के खिलाफ भारत तीन वनडे और चार दिवसीय दो मैच खेलेगा जिसकी शुरुआत 21 सितंबर को पहले सीमित ओवरों के मैच से होगी।
ऑस्ट्रेलिया दौरा 10 अक्तूबर को समाप्त होगा
भारतीय अंडर-19 टीम का यह दौरा 10 अक्तूबर को समाप्त होगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को एक बयान में कहा, 'जूनियर चयन समिति ने सितंबर में होने वाले आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम का चयन कर लिया है। भारत की अंडर-19 टीम ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ तीन एकदिवसीय और दो बहु दिवसीय मैच खेलेगी।'
इंग्लैंड दौरे से लौटी है भारतीय अंडर-19 टीम
भारत की अंडर-19 टीम हाल ही में इंग्लैंड दौरे से लौटी है जहां उसने युवा वनडे मैचों में मेजबान टीम को 3-2 से हराया जबकि दो युवा टेस्ट मैच ड्रॉ रहे। भारत के शीर्ष क्रम ने मेहमान टीम को एकदिवसीय श्रृंखला जिताने में अहम भूमिका निभाई। सूर्यवंशी और विहान के शतकों की बदौलत टीम ने वॉर्सेस्टर में चौथे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 363 रन का विशाल स्कोर बनाकर जीत हासिल की और सीरीज में विजयी बढ़त बनाई। जूनियर चयन समिति ने पांच स्टैंडबाय खिलाड़ियों को भी चुना है।
भारत अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम का कार्यक्रम
वनडे सीरीज: 21, 24 और 26 सितंबर।
चार दिवसीय मैच: 30 सितंबर से तीन अक्तूबर और सात से 10 अक्तूबर।
भारत अंडर-19 टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश सिंह, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, नमन पुष्पक, हेनिल पटेल, डी दीपेश, किशन कुमार, अनमोलजीत सिंह, खिलान पटेल, उद्धव मोहन और अमन चौहान।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: युद्धजीत गुहा, लक्ष्मण, बीके किशोर, अलंकृत रापोल, और अर्नव बग्गा।