उभरते हुए खिलाड़ी गुरनूर बरार और मानव सुथार के गुरुवार से शुरू होने वाले दूसरे क्रिकेट टेस्ट में श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए की एकादश में शामिल होने की उम्मीद है। चार दिन का पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था जिसमें सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान ध्रुव जुरेल ने भारत ए की ओर से शतक लगाए। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने मैच में कुल पांच विकेट लेकर भारत के लिए प्रभावी डेब्यू किया। उन्होंने पहली पारी में चार विकेट लिए थे।
प्लेइंग-11 में बदलाव संभव
यह अनुभव दौरा है जिसका मकसद भारत ए के प्रत्येक खिलाड़ी को मौका देना है इसलिए ऋषिकेश कानिटकर की अगुआई वाला टीम प्रबंधन एकादश में कुछ बदलाव कर सकता है। उम्मीद की जा सकती है कि बरार को एकादश में शामिल किया जाएगा जिन्होंने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे क्रिकेट में शानदार डेब्यू किया था। भारतीय सीनियर टीम न्यूजीलैंड के दौरे और अगले साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले तेज गेंदबाजों का बैकअप तैयार करना चाहती है।
गुरनूर के खेलने की उम्मीद है इसलिए यश ठाकुर को बाहर बैठना पड़ सकता है। इसी तरह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में 10 विकेट लेने वाले सुथार को भी मौका मिल सकता है। इस स्पिनर ने टेस्ट डेब्यू के बाद वारविकशर के लिए काउंटी में संक्षिप्त लेकिन सफल समय बिताया। सुथार के खेलने की स्थिति में बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को आराम दिया जाएगा। दो अन्य खिलाड़ी जिन्हें पहले मैच में मौका नहीं मिला वे सलामी बल्लेबाज अमन मोखाड़े और लेग स्पिनर जीशान अंसारी हैं।
सारांश जैन को मिलेगा आराम?
अंसारी को खिलाने के लिए टीम प्रबंधन को ऑफ स्पिनर सारांश जैन को बाहर करना होगा, जबकि मोखाड़े को आयुष पांडे की जगह मिल सकती है। हालांकि अगर साई सुदर्शन को भारत ए की दूसरी पारी में चोट के कारण रिटायर होने के बाद अनफिट माना जाता है तो आयुष को एक और मौका मिल सकता है।