सलामी बल्लेबाज प्रियांक पांचाल ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनधिकृत टेस्ट मैच के चौथे दिन शुक्रवार को शतकीय पारी खेली जिससे भारत ए ने मुकाबले को ड्रॉ पर समाप्त किया। दो मैचों की इस श्रृंखला के पहले मैच को भारत ने जीता था जिससे श्रृंखला 1-0 से उसके पक्ष में रही।
गुजरात के बल्लेबाज पांचाल ने 192 गेंद की पारी में नौ चौके और चार छक्कों की मदद से 109 रन बनाये जिससे भारतीय टीम ने 70 ओवर में तीन विकेट पर 202 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। पांचाल ने इस दौरान दो बड़ी साझेदारियां की।
उन्होंने सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन (37) के साथ 94 रन की साझेदारी की और फिर तीसरे विकेट के लिए करुण नायर (नाबाद 51) के साथ 92 रन जोड़े। बायें हाथ के गेंदबाज सेनुरान मुथुसामी ने अपनी गेंद पर कैच लेकर पांचाल की पारी का अंत किया।
मुथुसामी दो अक्टूबर से भारत के खिलाफ खेले जाने वाले तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के लिए राष्ट्रीय टीम का हिस्सा है। इसके बाद मैच का नतीजा निकलने की संभावना नहीं दिख रही थी और मुकाबले को ड्रा कर दिया गया। घरेलू क्रिकेट में पिछले कुछ सत्र में रनों का अंबार लगाने वाले पांचाल ने कुछ शानदार शाट लगाने के साथ चार छक्के भी जड़े। पहली पारी में 78 रन बनाने वाले नायर भी पूरी लय में दिखे।
पहली पारी में 92 रन बनाने वाले गिल ने दूसरी पारी में स्कोरर को ज्यादा परेशान नहीं किया। वह केवल तीन गेंद ही खेल पाये और डेन पीट की गेंद पर मुथुसामी ने उनका कैच लपका। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 417 रन बनाये थे जिसके जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 400 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीकी पारी में 161 रन बनाने वाले एडेन मार्कराम मैन आफ द मैच रहे।