इंडिया ए ने मंगलवार को आखिरी अनऑफिशियल वन-डे मैच में न्यूजीलैंड ए को 75 रन से हराकर तीन मैचों की वन-डे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली इंडिया ए ने अनमोलप्रीत सिंह की 71 रन की शानदारी पारी के दम पर 8 विकेट के नुकसान पर 275 रन बनाए। इसके बाद इंडिया ए ने विपक्षी टीम को 200 रन पर ढेर कर दिया। भारत की तरफ से सिद्धार्थ कौल (4 विकेट) ने गेंदबाज में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इंडिया ए की तरफ से सलामी बल्लेबाज ईशान किशन 29(54) और अनमोलप्रीत सिंह 71(80) के बीच पहले विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी बनी। 14वें ओवर में ईशान किशन न्यूजीलैंड ए के कप्तान डग ब्रेसवेल की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। जिसके बाद खेलने आए श्रेयस अय्यर 23(28) और कप्तान मनीष पांडे 5(12) ज्यादा योगदान नहीं दे सके।
इसके बाद 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अंकित बवाने 48(49) रन बनाए। अनमोलप्रीत सिंह के साथ मिलकर उन्होंने 64 रन की साझेदारी की। टीम के 171 रन के स्कोर पर अनमोलप्रीत आउट हुए। जिसके बाद खेलने आए विजय शंकर ने भी 43 गेंद पर 42 रनों का अहम योगदान दिया।
न्यूजीलैंड ए के गेंदबाज सेथ रेस ने इंडिया ए के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसके अलावा, लॉकी फग्र्यूसन को दो विकेट मिले, वहीं, हामिश बेनेट, डग ब्रेसवेल और डेर्ल मिशेल को एक-एक सफलता मिली। इंडिया ए की ओर से मिले 276 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ए की टीम ने 130 के स्कोर तक अपने चार बल्लेबाजों को गंवाकर बैकफुट पर पहुंच गई और इंडिया ए के गेंदबाजों ने उसे मैच में वापसी नहीं करने दी।
न्यूजीलैंड ए के लिए टिम सेफर्ट 55(73) ने सबसे अधिक रन बनाए। इसके अलावा, कोई भी बल्लेबाज अधिक समय तक मैदान पर नहीं टिक सका। सिद्धार्थ के अलावा, इंडिया ए के लिए कृष्णप्पा गौथम ने दो विकेट लिए, वहीं खलील अहमद, अक्षर पटेल, क्रुणाल पांड्या और विजय शंकर को एक-एक सफलता मिली।