भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला वडोदरा में खेला जा रहा है। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहल बल्लेबाजी का फैसला किया है। जिम्बाब्वे की टीम को दो झटके लग चुके हैं।
टीम को पहला झटका दूसरे ओवर में छह के स्कोर पर लगा। लोरिन फिरी को सयाली सतघरे ने यास्तिका के हाथों कैच कराया। वह खाता नहीं खोल सकीं। वहीं, तीसरे ओवर में 12 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। क्रांति गौर ने चिपो मुगेरी त्रिपानो को शेफाली के हाथों कैच कराया। वह चार रन बना सकीं। फिलहाल मोडेस्टर मुपाचिकवा और बिलोवेड बीजा क्रीज पर हैं।
भारतीय महिला टीम शुरुआती दो मैच जीतकर पहले ही सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफीन कोमो ने बताया कि उनकी प्लेइंग-11 में बस एक बदलाव है। फ्रांसिस्का चिपारे को मौका दिया गया है। वहीं, भारतीय टीम में तीन बदलाव हैं। क्रांति गौर, हरलीन देओल और यास्तिका भाटिया को मौका दिया गया है। ऋचा घोष, तेजल हसबनिस और श्री चरणी को बेंच पर बैठाया गया है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: प्रतिका रावल, स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), सयाली सतघरे, जिंतिमणि कलिता, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा।
जिम्बाब्वे: मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), लोरिन फिरी, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, बिलव्ड बिजा, जोसेफिन नकोमो (कप्तान), न्याशा ग्वांजुरा, चिएद्जा धुरुरु, मिशेल मावुंगा, नोमवेलो सिबांडा, फ्रांसिस्का चिपारे, ओलिंडर चारे।
टी20 में क्लीन स्वीप करने वाली भारतीय टीम टीम जिम्बाब्वे का वनडे में सूपड़ा साफ करने से एक कदम दूर है। भारत पहले ही टी20 सीरीज में 3-0 की जीत दर्ज कर चुका है। भारत को पहले दो वनडे मैच में किसी तरह की खास चुनौती नहीं मिली। पहले मैच में प्रतिका रावल के नाबाद शतक और श्री चरणी के चार विकेट की बदौलत भारत ने नौ विकेट से जीत हासिल की। दूसरे मैच में हरमनप्रीत कौर के 126 और दीप्ति शर्मा के नाबाद 106 रन की मदद से भारत ने छह विकेट पर 328 रन बनाए। टीम इंडिया से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद तीसरे मैच में भी है।