भारतीय महिला टीम ने वेस्टइंडीज को हराया
- फोटो : BCCI Women
महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। सोमवार को भारत और वेस्टइंडीज की महिला टीमों के बीच कार्डिफ में वॉर्म-अप मुकाबला खेला गया, जिसे टीम इंडिया ने 26 रनों से जीता। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय महिला टीम ने भारती फुलमाली की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 179 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट खोकर 153 रन ही बना सकी और मुकाबला हार गई। इस दौरान श्रेयंका पाटिल और राधा यादव ने घातक गेंदबाजी की। दोनों ने क्रमश: चार और तीन विकेट झटके। भारतीय टीम अपना अगला वार्म-अप मैच 10 जून को डर्बी के काउंटी ग्राउंड में मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी।
भारतीय महिला टीम की पारी
टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 5.2 ओवरों में 59 रन की साझेदारी की। मंधाना 23 गेंदों में 8 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कुछ देर बाद शेफाली वर्मा (29) और जेमिमा रोड्रिगेज (7) भी आउट हो गईं। 85 के स्कोर तक टीम ने अपने तीन बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से यास्तिका भाटिया ने भारती फुलमाली के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 61 रन जुटाते हुए टीम के स्कोर को बढ़ाया। यास्तिका ने 26 गेंदों में छह चौकों के साथ 36 रन की पारी खेली, जबकि भारती ने 40 गेंदों में नाबाद 56 रन बनाए। विपक्षी खेमे से एफी फ्लेचर ने सर्वाधिक चार विकेट हासिल किए,जबकि करिश्मा रामह्रैक, आलिया एलीन और डिएंड्रा डॉटिन ने एक-एक विकेट निकाले।
वेस्टइंडीज महिला टीम की पारी
इसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट गंवाकर सिर्फ 153 रन ही बना सकी। सलामी जोड़ी के रूप में डॉटिन ने शेमाइन कैंपबेल के साथ 63 रन की साझेदारी की। कैंपबेल 22 गेंदों में 25 रन बनाकर रियाटर्ड आउट हुईं, जबकि डॉटिन ने 44 गेंदों में 49 रन बनाए। उनकी इस पारी में आठ चौके शामिल रहे। इनके अलावा, आलिया एलीन ने 13 रन, जबकि जानिलिया ग्लासगो और शॉनिशा हेक्टर ने 19-19 रनों का योगदान टीम के खाते में दिया। भारत की तरफ से श्रेयंका पाटिल ने 36 रन देकर चार विकेट निकाले। राधा यादव ने 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।