श्रीलंका के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के पहले मुकाबले में धीमी ओवर गति के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारतीय टीम पर जुर्माना लगाया है। यह मुकाबला रविवार को कोलंबो में ही खेला गया था जिसे हरमनप्रीत कौर की टीम ने नौ विकेट से जीता था।
आईसीसी ने लगाया मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना
आईसीसी ने मंगलवार को भारतीय टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया है। क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने इसकी जानकारी देते हुए कहा- खिलाड़ियों और टीम के सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 ( न्यूनतम ओवर गति से संबंधित) के तहत खिलाड़ियों पर उनके द्वारा आवंटित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहने पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
हरमनप्रीत ने स्वीकार की गलती
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपराध और प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर अन्ना हैरिस और निमाली परेरा, तीसरे अंपायर लिंडन हैनिबल और चौथे अंपायर डेदुनु डी सिल्वा ने आरोप तय किए।
भारत ने जीते दोनों मुकाबले
त्रिकोणीय सीरीज के शुरआती दोनों मैच भारतीय टीम ने जीते हैं। रविवार को कोलंबो में बारिश के कारण पहला मैच 39 ओवर का कर दिया गया था। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की महिला टीम ने 38.1 ओवर में 10 विकेट खोकर 147 रन बनाए। जवाब में भारत ने 29.4 ओवर में एक विकेट गंवाकर 149 रन बनाए और 56 गेंदों के शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑफ स्पिनर राणा और बाएं हाथ की स्पिनर चरणी ने आठ-आठ ओवर के अपने कोटे को पूरा करते हुए क्रमश: 31 रन पर तीन और 26 रन पर दो विकेट चटकाए। अनुभवी ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने भी 5.1 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट चटकाए।
वहीं, त्रिकोणीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 15 रन से हराया। मंगलवार को कोलंबो में खेले गए मुकाबले में प्रतिका रावल की अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने 50 ओवर में छह विकेट खोकर 276 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका 49.2 ओवर में 261 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके लिए तजमीन ब्रिट्स ने सर्वाधिक 109 रन बनाए। स्नेह राणा ने पांच विकेट लिए जबकि अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।