भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शुक्रवार को कहा कि श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज जीतकर टीम ने अपना उद्देश्य पूरा कर लिया है, जिसमें आक्रामक खेल को अपनाने पर खास जोर दिया गया था। यह रणनीति अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर बनाई गई है। भारत ने तीसरे टी20 मैच में श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। पिछले महीने अपना पहला वनडे विश्व कप जीतने के बाद अब भारतीय टीम का पूरा ध्यान टी20 विश्व कप पर है।
कप्तान ने की गेंदबाजों की तारीफ
मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, 'यह सीरीज हम सभी के लिए शानदार रही। विश्व कप के बाद हमने तय किया था कि हमें टी20 क्रिकेट में अपने स्तर को और ऊपर ले जाना है और ज्यादा आक्रामक खेल दिखाना है। विश्व कप नजदीक है, इसलिए टीम के कुल प्रदर्शन से मैं बहुत खुश हूं।' भारतीय कप्तान ने गेंदबाजी इकाई की जमकर तारीफ की और कहा कि पूरी सीरीज में गेंदबाजों ने श्रीलंका को छोटे स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, 'टी20 क्रिकेट में गेंदबाजी बहुत अहम होती है। आज हम जिस स्थिति में हैं, वह हमारे गेंदबाजों की वजह से है, इसलिए सारा श्रेय उन्हें जाता है।'
रेणुका की मुरीद हुईं हरमनप्रीत
हरमनप्रीत ने बताया कि सीरीज में गेंदबाजों का रोटेशन पहले से तय योजना का हिस्सा था। उन्होंने तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर की भी तारीफ की, जिन्होंने 4 विकेट देकर 21 रन की शानदार वापसी की। उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि शुरुआती छह ओवरों में उनका टॉप ऑर्डर काफी अहम है, इसलिए आज हमने रेणुका को गेंदबाजी दी। पहला ओवर वैसा नहीं रहा जैसा हमने सोचा था, लेकिन जिस तरह उन्होंने वापसी करते हुए चार विकेट लिए, वह शानदार था।'