भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में श्रीलंका के खिलाफ मिली 30 रन की जीत का श्रेय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा को दिया। इस जीत के साथ भारत ने टी20 क्रिकेट में अपना अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी दर्ज किया।
भारत का सबसे बड़ा स्कोर
शुरुआती तीन मुकाबलों में असफल रहीं स्मृति मंधाना ने शानदार वापसी करते हुए 48 गेंदों में 80 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं, शेफाली वर्मा ने 46 गेंदों में 79 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और एक छक्का जड़ा। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 162 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। सलामी जोड़ी की इस धमाकेदार बल्लेबाज़ी के दम पर भारत ने दो विकेट पर 221 रन बनाए, जो महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टीम का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है। इसके बाद ऋचा घोष ने 16 गेंदों में नाबाद 40 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर 16 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 53 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के स्कोर को और मजबूती दी।
कप्तान ने पढ़े कसीदे
मैच के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'शेफाली और स्मृति को इस जीत का पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने शानदार शुरुआत दी और उसके बाद ऋचा और मैंने पारी को अच्छी तरह से फिनिश किया।' हरमनप्रीत ने यह भी स्पष्ट किया कि हरलीन देओल को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था, लेकिन बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा, 'हम हरलीन को मौका देना चाहते थे, लेकिन जिस तरह की शुरुआत मिली, उसके बाद हमें तेज रन बनाने के लिए ऋचा को ऊपर भेजना पड़ा। स्मृति और शेफाली की पारियों के कारण हरलीन को बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिल सका।'