भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा है कि श्रीलंका के खिलाफ चल रही पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत कुछ नए प्रयोग कर रहा है, ताकि अगले साल इंग्लैंड में होने वाले महिला टी20 विश्व कप की बेहतर तैयारी की जा सके। मेजबान भारत ने अब तक सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। विशाखापत्तनम में खेले गए पहले दो टी20 मुकाबलों में भारत ने क्रमशः आठ और सात विकेट से जीत दर्ज की। टीम शुक्रवार को तीसरा मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगी।
'आजमाइश का दौर है'
मैच से पूर्व मीडिया से बात करते हुए मजूमदार ने कहा, 'जैसे हमने वनडे विश्व कप के दौरान टीम को स्थिर रखने की कोशिश की थी, वैसे ही अब भी कर रहे हैं। टी20 विश्व कप में अभी छह महीने का समय है और हमें अच्छी तरह पता है कि हमें किस दिशा में जाना है। हम कुछ चीजें आजमा रहे हैं ताकि विश्व कप से पहले टीम पूरी तरह से तैयार हो सके।' उन्होंने कहा कि भारतीय टीम एक प्रगतिशील इकाई है, जो लगातार हर विभाग में सुधार पर काम कर रही है। मजूमदार ने आगे कहा, 'हम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों पहलुओं में सुधार की बात करते हैं। अब एक चौथा पहलू भी जुड़ गया है और वह है फिटनेस। हम हर दिन बेहतर बनने की कोशिश करते हैं।'
'श्रीलंका को हल्के में नहीं ले सकते'
मजूमदार ने यह भी कहा कि टीम अभी वनडे विश्व कप जीत की सकारात्मक ऊर्जा में है। उन्होंने कहा, 'पिछले 45 दिनों में मैंने टीम में कोई नकारात्मक बदलाव नहीं देखा है। खिलाड़ी मैदान पर खुश नज़र आ रही हैं। विश्व चैंपियन होने का टैग अब उनके साथ रहेगा और वे उसे संभालने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।' हालांकि, उन्होंने श्रीलंका टीम को हल्के में न लेने की चेतावनी भी दी। मजूमदार बोले, 'श्रीलंका एक अच्छी टीम है। हम हर विरोधी को बराबर सम्मान देते हैं और हर मैच को एक चुनौती के रूप में लेते हैं।'