महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले पाकिस्तान टीम को बड़ी राहत मिली है। टीम की कप्तान फातिमा सना अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गई थीं, लेकिन उन्होंने खुद स्पष्ट किया है कि चोट गंभीर नहीं है और वह भारत के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगी।
अभ्यास के दौरान लगी थी चोट
शनिवार को पाकिस्तान के अभ्यास सत्र में ओपनर आयशा जफर के एक तेज शॉट से फातिमा सना के दाहिने पैर के घुटने के नीचे चोट लग गई थी। चोट लगने के बाद वह दर्द में नजर आईं और फिजियो तथा साथी खिलाड़ियों की मदद से मैदान से बाहर गईं। हालांकि, मैच से पूर्व आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फातिमा ने कहा, 'यह आयशा के बल्ले से निकला एक सामान्य शॉट था और गेंद मेरे घुटने के नीचे लगी थी। अब मैं ठीक हूं।' हालांकि चोट के बाद वह अभ्यास सत्र में वापस नहीं लौटीं, लेकिन उनके बयान से पाकिस्तान टीम और प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है।
भारत बनाम पाकिस्तान महिला टी20 विश्व कप
- फोटो : IANS
भारत की नजर लगातार दूसरे आईसीसी खिताब पर
दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम रविवार को अपने टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ करेगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम पिछले वर्ष वनडे विश्व कप जीतने के बाद लगातार दूसरा आईसीसी खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा रोमांचक माना जाता है, लेकिन आंकड़ों में भारतीय टीम का दबदबा साफ दिखाई देता है।