फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND-W vs NZ-W Playing-11: भारत-न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच तीसरा वनडे आज, जो भी टीम जीतेगी सीरीज उसके नाम

Tue, 29 Oct 2024 09:33 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद।

सार

हरमनप्रीत कौर की दूसरे वनडे में वापसी जरूर हो गई, लेकिन वह बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा पाईं। उन्होंने 24 रन बनाए। सिर्फ हरमनप्रीत ही नहीं बल्कि स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा के बल्ले से भी रन नहीं निकल रहे।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप के ग्रुप दौर में हार के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम पटरी पर लौटने के लिए संघर्ष कर रही है। हरमनप्रीत कौर की टीम तीसरे और अंतिम वनडे में मंगलवार को न्यूजीलैंड के सामने होगी तो उसके समक्ष घर में वर्चस्व बनाए रखने और सीरीज जीतने की दोहरी चुनौती होगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत घर में चौथी वनडे सीरीज खेल रहा है। पिछली तीन सीरीज में भारत ने दो जीती हैं और एक ड्रॉ रही है। भारतीय टीम मंगलवार को जीतती है तो न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में अपने वर्चस्व को बनाकर रखेगी और हारती है तो उसे पहली बार घरेलू धरती पर इस देश से वनडे सीरीज गंवानी पड़ेगी। भारतीय टीम की चिंता का विषय उसके शीर्ष क्रम का रनों से जूझना है। भारत को यह सीरीज जीतने के लिए अनुभवी न्यूजीलैंड के गेंदबाजों के सामने रन बनाने होंगे।
विज्ञापन

स्मृति मंधाना - फोटो : BCCI women
एक भी अर्धशतक नहीं लगा है अब तक
हरमनप्रीत कौर की दूसरे वनडे में वापसी जरूर हो गई, लेकिन वह बल्ले से कोई कमाल नहीं दिखा पाईं। उन्होंने 24 रन बनाए। सिर्फ हरमनप्रीत ही नहीं बल्कि स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा के बल्ले से भी रन नहीं निकल रहे। भारत को दोनों ही वनडे में अच्छी शुरुआत नहीं मिल पाई। स्मृति को दोनों ही वनडे में दहाई के अंकों को भी नहीं छू पाई हैं। वहीं शैफाली कुछ आकर्षक स्ट्रोक की चमक बिखेर कर जल्द आउट हो जा रही हैं। जेमिमा ने पहले वनडे में 36 गेंद में 35 रन बनाए, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही हैं। इस सीरीज से वनडे में पदार्पण करने वाली तेजल हसबनिस ने पहले वनडे में 42 रन बनाए, दीप्ति ने भी पहले वनडे में 41 रन की पारी खेली, लेकिन भारत को बड़े स्कोर के लिए बड़ी पारी की जरूरत है। दोनों वनडे में अब तक कोई भारतीय बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया है।

दीप्ति, राधा और आशा - फोटो : BCCI
राधा ने किया है प्रभावित
गेंदबाजी में जरूर भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है। खासतौर पर बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने प्रभावित किया है। उन्होंने पहले वनडे में 35 पर तीन और दूसरे में 69 रन पर चार विकेट लिए। राधा ने सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि बल्ले और क्षेत्ररक्षण से भी प्रभाव छोड़ा है। उन्होंने दूसरे वनडे में तीन कैच लिए, जिसमें दो कैच बेहद शानदार थे। इसी वनडे में उन्होंने 48 रन की पारी खेली, जो अब तक इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज का सर्वाधिक स्कोर है। भारत ने दूसरे वनडे में 108 रन पर 8 विकेट खो दिए थे, लेकिन राधा और साइमा ने नौवें विकेट के लिए 102 गेंद में 70 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की। वनडे पदार्पण करने वाली वाली साइमा ने पहले वनडे में अपनी मध्यम गति की गेंदों से प्रभावित किया और 26 रन पर दो विकेट लिए। दीप्ति ने पहले वनडे में 35 पर एक और दूसरे में 30 रन पर दो विकेट लिए।

सोफी डिवाइन - फोटो : BCCI
अनुभवी बेट्स, डिवाइन ने बिखेरी है चमक
न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 विश्व चैंपियन बनने के उत्साह से लबरेज है। दूसरे वनडे में उसके प्रदर्शन से यह साफ दिखाई दिया। खासतौर पर अनुभवी 37 वर्षीय सूजी बेट्स और 35 वर्षीय कप्तान सोफी डिवाइन का प्रदर्शन किसी के लिए भी हैरत का विषय हो सकता है। बेट्स ने दूसरे वनडे में 58 और डिवाइन ने 79 रन की पारियां खेलकर न्यूजीलैंड को विजयी बनाया। दोनों का इस उम्र में मैदान पर समर्पण और जूझने की क्षमता प्रेरित करने वाला है। डिवाइन ने तो अर्धशतक लगाने के साथ तीन विकेट भी लिए। 34 वर्षीय लिया ताहूहू ने भी उदाहरण पेश करते हुए 42 रन पर 3 विकेट लिए। उन्होंने 120 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार भी निकाली। न्यूजीलैंड के लिए ओपनर जॉर्जिया प्लिमर ने भी अच्छी बल्लेबाजी की है। उन्होंने पहले वनडे में 25 और दूसरे में 41 रन की पारियां खेली हैं।

एमेलिया और न्यूजीलैंड की टीम - फोटो : ICC
एमेलिया नहीं रहेंगी मौजूद
टी20 विश्व कप में 15 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की विजय में अहम भूमिका निभाने वाली एमेलिया केर दूसरे वनडे में सीरीज से बाहर हो चुकी हैं। एमेलिया ने पहले वनडे में चार विकेट लिए थे। बावजूद इसके दूसरे वनडे में भारत इसका फायदा नहीं उठा पाया। एमेलिया की बहन जेस केर ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए दो मैचों में पांच विकेट लिए हैं। वहीं ऑफ स्पिनर इडेन कारसन ने दोनों मैचों में अपना प्रभाव छोड़ने का क्रम जारी रखा है।
विज्ञापन

संभावित प्लेइंग-11

हरमनप्रीत कौर-सोफी डिवाइन - फोटो : BCCI/ANI
भारतीय महिला टीम: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, तेजल हसाबनिस, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, साइमा ठाकोर, प्रिया मिश्रा।

न्यूजीलैंड महिला टीम: सुजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, लॉरेन डाउन, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज (विकेटकीपर), जेस केर, ली ताहुहु, ईडन कार्सन, फ्रान जोनास।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें