- प्रभसिमरन सिंह: आईपीएल के दमदार प्रदर्शन का मिला इनाम
पंजाब किंग्स के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह को पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। उन्होंने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 510 रन बनाए और 168.87 के स्ट्राइक रेट से टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और बेखौफ अंदाज ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। इसके अलावा श्रीलंका में भारत-ए की ट्राई सीरीज में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
- यश ठाकुर: घरेलू क्रिकेट से टीम इंडिया तक का सफर
तेज गेंदबाज यश ठाकुर को भी पहली बार टी20 टीम में मौका मिला है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने के साथ-साथ उन्होंने भारत-ए के लिए भी अपनी उपयोगिता साबित की। यश अपनी सटीक लाइन-लेंथ, नई गेंद से स्विंग कराने की क्षमता और परिस्थितियों के अनुसार गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं। श्रीलंका में भारत-ए की ट्राई सीरीज में उनका प्रदर्शन चयन का अहम आधार बना।
- अशोक शर्मा: 154.2 किमी/घंटा की रफ्तार से बनाई पहचान
युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा भी पहली बार भारतीय टी20 टीम का हिस्सा बने हैं। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 154.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर सीजन की सबसे तेज डिलीवरी का रिकॉर्ड बनाया था। भले ही विकेटों की संख्या ज्यादा नहीं रही, लेकिन उनकी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी ने सभी का ध्यान खींचा। भारत-ए की ट्राई सीरीज में भी उन्होंने प्रभावित किया, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका मिला।
- हर्ष दुबे: लगातार बढ़ रहा भरोसा
बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्ष दुबे भारतीय क्रिकेट में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। टेस्ट और वनडे टीम में जगह बनाने के बाद अब उन्हें टी20 टीम में भी लगातार मौका मिल रहा है। उन्होंने पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की क्षमता उन्हें टीम के लिए अहम खिलाड़ी बनाती है।