जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज की शुरुआत गुरुवार (18 अगस्त) को हुई। हरारे में पहले वनडे में भारत के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया की सधी गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे की टीम 40.3 ओवर में 189 रनों पर ही सिमट गई। इस मैच में दीपक चाहर ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। चाहर ने करीब छह महीने बाद पेशेवर क्रिकेट में वापसी की है।
भारतीय कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। दीपक चाहर ने टीम के लिए पहला ओवर किया। शुरू के कुछ ओवरों में चाहर की गेंदबाजी में वह धार नजर नहीं आ रही थी जिसके लिए वह जाने जाते हैं। उनकी कुछ गेंदें सही हो रही थीं तो कुछ की लाइन भटकी हुई थी। धीरे-धीरे चाहर अपने पुराने रंग में वापस लौट गए। उन्होंने सातवें ओवर में इनोसेंट काया और नौवें ओवर में टी. मारुमानी को पवेलियन भेज दिया।