पूर्व भारतीय सहायक कोच अभिषेक नायर ने जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड प्रबंधन पर अपनी राय दी है और कहा है कि उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से आराम दिया जाना चाहिए। भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। नायर ने बुमराह के अलावा केएल राहुल, ध्रुव जुरेल और कुलदीप यादव पर भी बात की।
'बुमराह को मिले आराम'
इस सीरीज के बाद भारतीय टीम तीन वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। चयनकर्ताओं ने बुमराह को वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना है जबकि टी20 सीरीज में वह खेलते नजर आएंगे। नायर ने कहा, 'मुझे लगता है कि बुमराह यह टेस्ट खेलेंगे। टीम का चयन देखकर लगता है कि भारत यह मैच बड़े अंतर से जीतना चाहता है ताकि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में फायदा मिल सके। हालांकि, मेरी निजी राय में बुमराह को आराम देना चाहिए क्योंकि वे भारत के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं। आगे और टेस्ट सीरीज हैं और फिर टी20 विश्व कप भी आने वाला है। इसलिए उन्हें थोड़ा आराम देना जरूरी है, लेकिन ऐसा लगता है कि वे यह मैच खेलेंगे।'
नायर ने केएल और जुरेल के प्रदर्शन को सराहा
भारत ने पहला मुकाबला पारी और 140 रन से जीता था। इस मुकाबले में केएल राहुल ने शानदार शतक जड़ा था। नायर ने उनके प्रदर्शन पर कहा, 'राहुल दिल्ली की पिच को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने यहां आईपीएल में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके खेल में सबसे बड़ा बदलाव तकनीकी नहीं, बल्कि मानसिक है। वे अब ज्यादा इरादे के साथ खेलते हैं। पिछले मैच में शतक के बावजूद वे निराश दिखे क्योंकि वे जानते थे कि इसे 150–200 तक ले जा सकते थे। यही भूख उन्हें और आगे ले जाएगी।'
इस दौरान नायर ने ध्रुव जुरेल की भी तारीफ की। उन्होंने भी अहमदाबाद में खेले गए मुकाबले में शानदार शतक जड़ा था। नायर ने आगे कहा, 'भारत में बहुत खिलाड़ी रन बनाते हैं, लेकिन कैसे रन बनाते हैं, यह मायने रखता है। जुरेल ने जिस तरह की बल्लेबाज़ी की, उसने सबको विश्वास दिलाया कि वह टेस्ट लेवल के लिए बने हैं। उनकी 60, 70 या 80 रन की पारी भी टीम को भरोसा देती है कि वे इस स्तर पर फिट हैं।'
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में कुलदीप यादव ने दोनों पारियों में दो-दो विकेट झटके। नायर ने कहा, 'कुलदीप दिल्ली में खेलना पसंद करते हैं। यही वो मैदान है जहां से उनकी आईपीएल करियर की उड़ान शुरू हुई थी। यहां की पिच पर उन्हें अतिरिक्त टर्न और स्किड मिलता है जो उन्हें और खतरनाक बनाता है। अगर कोई विदेशी टीम भारत आती है, तो कुलदीप यादव को खेलना ही चाहिए।'