सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया पर तंज कसा
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज 12 जुलाई से शुरु हो रही है। भारतीय टीम वेस्टइंडीज में पहले दो टेस्ट मैच के बाद तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलेगी। पिछले कुछ वर्षों में भारतीय टीम की फील्डिंग का स्तर काफी बढ़ गया है। यहां तक की अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा किया जाने वाला यो-यो फिटनेस टेस्ट अब हर खिलाड़ी के चयन में एक अहम भूमिका निभाता है। कागजों पर मौजूदा भारतीय टीम, भारत के क्रिकेट इतिहास की सबसे फिट टीम मानी जाती है। हालांकि, पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर का कहना है कि यह उनकी समझ से बाहर है कि भारत के ये 'फिट' खिलाड़ी टी20 के इस दौर में कैसे भारी वर्कलोड का सामना कर रहे हैं।
एक इंटरव्यू के दौरान गावस्कर ने भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों पर तंज कसा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में मिली हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने अभ्यास के लिए प्रयाप्त समय न मिलने की बात कही थी, लेकिन गावस्कर का मानना है कि वेस्टइंडीज टूर पर भी ऐसा लग नहीं रहा कि भारत ने अपनी गलतियों से कुछ सीखा है। वेस्टइंडीज टूर से पहले भारत को अभ्यास के लिए एक महीने से ज्यादा का समय मिला है।
सुनील गावस्कर और रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
गावस्कर ने कहा, "हम किस तरह की तैयारी की बात कर रहे हैं, अब तो वह वेस्टइंडीज जा चुके हैं। आपके सामने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का उदाहरण है, क्या आप वहां कोई भी प्रैक्टिस मैच खेल रहे हैं? तो यह 20-25 दिन आपको किस लिए मिले। जब आप तैयारी की बात करते हैं, तो स्पष्ट रहीए। 15 दिन पहले जाएं और दो वॉर्म-अप मैच खेलें। टीम के मुख्य खिलाड़ी आराम कर सकते हैं, लेकिन बाकी की टीम का क्या, यह उनके लिए असल में एक चुनौती हो सकती है जो अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। हर किसी को यह दिखाने का मौका नहीं मिलता की वह अच्छा है।"
गावस्कर का मानना है कि खिलाड़ी ऐसे टूर पर जल्दी नहीं पहुंचना चाहते, क्योंकि वह टीम में अपनी जगह को लेकर शंका में होते हैं और जल्दी जाने से क्रिकेट जगत में वर्कलोड को लेकर चर्चा शुरू हो जाती है, जो गावस्कर को चौंकाने वाली बात लगती है। गावस्कर ने कहा, "सच यह है कि मुख्य खिलाड़ी जल्दी नहीं जाना चाहते क्योंकि उन्हें पता है कैसी भी परिस्थिति हो, उन्हें टीम में जगह मिल ही जाएगी और जब वह जल्दी चले जाते हैं तो वह अपने वर्कलोड की बातें करते हैं। आप विश्व में खुद को सबसे फिट टीम बताते हैं या भारत की पिछली टीमों से फिट बताते हैं, तो आप इतनी जल्दी थक कैसे जाते हैं। कैसे आप लोग वर्कलोड का मुद्दा उठा देते हैं जब आप टी20 मैच खेलते हैं।"