पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जीतने के बाद भारतीय टीम की निगाह अब वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को यहां होने वाले दूसरे मुकाबले में जीत हासिल करते हुए सीरीज पर कब्जा जमाने पर होगी। इस मुकाबले में यह भी देखना दिलचस्प होगा कि टीम में वापसी कर रहे उपकप्तान केएल राहुल किस क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं।
भारत ने स्पिनरों युजवेंद्र चहल और वाशिंगटन सुंदर की उम्दा गेंदबाजी कि दम पर वेस्टंडीज को पहले वनडे में 176 रन पर आउट कर दिया था। उसके बाद कप्तान रोहित शर्मा के 60 रन की मदद से भारत ने मोटेरा में छह विकेट से जीत दर्ज की। रोहित की कप्तानी में नई ऊर्जा के साथ खेल रही भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका दौरे की नाकामी को भुलाकर आत्मविश्वास से ओतप्रोत नजर आई।
सबसे अच्छी बात रोहित का फॉर्म था जो मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दक्षिण अफ्रीका नहीं जा सके थे। वह एक बार फिर उस लय को कायम रखना चाहेंगे। रोहित के साथ पारी का आगाज करने वाले ईशान किशन ने 36 गेंद में 28 रन बनाए थे जो बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे।
किस स्थान पर खेलेंगे राहुल
लोकेश राहुल की वापसी से देखना यह होगा कि वह रोहित के साथ पारी की शुरुआत करते हैं या मध्यक्रम में उतरते हैं। राहुल निजी कारणों से पहला मैच नहीं खेले थे। वह पारी की शुरुआत करते हैं तो ईशान को बाहर होना पड़ेगा। वह मध्यक्रम में खेलते हैं तो पहले मैच में 32 गेंद में नाबाद 26 रन बनाने वाले दीपक हुड्डा बाहर हो सकते हैं।
कुलदीप को लेकर दुविधा जारी
गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल और वाशिंगटन सुंदर ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम प्रबंधन गेंदबाजी में कोई बदलाव नहीं करना चाहेगा। बायें हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव भी दावेदारी में हैं लेकिन चहल और सुंदर के प्रदर्शन को देखकर उन्हें अंतिम एकादश में शामिल करने को लेकर टीम प्रबंधन दुविधा में होगा।
भारत के स्पिन जाल से बचना होगा विंडीज को
दूसरी ओर वेस्टइंडीज की नजरें पहले मैच की हार को भुलाकर बेहतर प्रदर्शन पर लगी होंगी । पिछले 16 मैचों में रविवार को 10वीं बार वेस्टइंडीज टीम पूरे 50 ओवर नहीं खेल सकी। कीरोन पोलार्ड की टीम को इसमें सुधार करना होगा और बल्लेबाजों को जिम्मेदारी से खेलना होगा। अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने कहा था, "बल्लेबाजों को अपने विकेट की अहमियत समझकर खेलना होगा।" वेस्टइंडीज को अपने आक्रामक बल्लेबाजों निकोलस पूरन और पोलार्ड से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
घरेलू धरती पर सौवें मैच में विराट को शतक का इंतजार
टीम प्रबंधन विराट कोहली, ऋषभ पंत और सूर्यकुमार यादव के क्रम में बदलाव करना नहीं चाहेगा। कोहली के लिए भी यह मैच अहम है जो दो साल से अपने 71वें शतक का इंतजार कर रहे हैं। दूसरे वनडे में जैसे ही विराट कोहली मैदान पर उतरेंगे तो वैसे ही अपने सरजमीं पर 100 वनडे मैच खेलने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। कोहली से पहले सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरुद्दीन, महेंद्र सिंह धोनी और युवराज सिंह वनडे में अपने सरजमीं पर 100 वनडे या उससे ज्यादा वनडे मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं।
भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), मयंक अग्रवाल, ऋतुराज गायकवाड़, शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, ऋ षभ पंत (विकेटकीपर), दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और आवेश खान।
वेस्टइंडीज की टीम
कीरोन पोलार्ड (कप्तान), फैबियन एलेन, एनक्रुमाह बोनर, डेरेन ब्रावो, शामार ब्रुक्स, जेसन होल्डर, शाई होप, अकील हुसैन, अलजारी जोसफ, ब्रैंडन किंग, निकोलस पूरन, केमार रोच, रोमारियो शेपर्ड, ओडियन स्मिथ, हेडन वाल्श जूनियर।