फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बनाम वेस्टइंडीज: लगातार फ्लॉप होने के बाद संजू सैमसन की धमाकेदार वापसी, 82 रन ठोक आलोचकों को दिया जवाब

Fri, 09 Oct 2026 10:28 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 मुकाबले में संजू सैमसन ने 41 गेंदों में 82 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने नौ चौके और चार छक्के लगाए। सैमसन ने कहा कि लगातार कम स्कोर के बावजूद वह अपने आक्रामक अंदाज में बदलाव नहीं करना चाहते, क्योंकि टीम को अच्छी शुरुआत देना उनकी जिम्मेदारी है।

विज्ञापन
संजू सैमसन - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में तूफानी पारी खेलकर आलोचकों को जवाब दिया। रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुक्रवार को सैमसन ने 41 गेंदों में 82 रन बनाए, जिससे भारत ने पांच विकेट पर 249 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लगातार कम स्कोर के बाद शानदार वापसी करने वाले सैमसन ने कहा कि भारतीय सलामी बल्लेबाज के तौर पर उनकी जिम्मेदारी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना है और इसके लिए अपने खेलने के अंदाज में बदलाव करने की जरूरत नहीं है। सैमसन ने अपनी पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। पारी के बाद उन्होंने कहा कि पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर वह अपनी तैयारी, अभ्यास और प्रशिक्षण पर पूरा ध्यान देते हैं, लेकिन टी20 क्रिकेट में नतीजे हमेशा खिलाड़ी के नियंत्रण में नहीं होते।
विज्ञापन
Trending Videos

सैमसन - फोटो : PTI
'आगे बढ़ने का एक ही रास्ता है'
  • सैमसन ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति पर बात करते हुए कहा, 'भारत के लिए खेलने वाले पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर आप अपनी तैयारी, अभ्यास और प्रशिक्षण का पूरा ध्यान रखते हैं। आप वह सब कुछ करते हैं, जो आपके हाथ में है। लेकिन इस प्रारूप में नतीजे हमेशा आपके हाथ में नहीं होते। आगे बढ़ने का एक ही रास्ता है।'
  • उन्होंने आगे कहा कि तीन पारियों में रन नहीं बनने पर अपनी बल्लेबाजी का तरीका बदलकर पारी को धीमा करने के बारे में नहीं सोचा जा सकता। टीम की जरूरत सबसे पहले है और बतौर सलामी बल्लेबाज उनका काम देश को शानदार शुरुआत दिलाना है।
  • सैमसन ने कहा, 'मेरा काम भारत को अच्छी शुरुआत देना है और मैं यही करने की कोशिश करता हूं। जब मैं आउट होता हूं तो उसकी जिम्मेदारी भी लेता हूं। रन नहीं बनाने के लिए मैं किसी दूसरे को दोष नहीं देता। यह मेरी जिम्मेदारी है और मैं हर बार मैदान पर उतरकर इसे निभाने की कोशिश करता हूं।'

ईशान किशन - फोटो : ANI
ईशान, श्रेयस और तिलक ने भी मचाया धमाल
सैमसन की विस्फोटक पारी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की मजबूत नींव रखी। ईशान किशन ने 22 गेंदों में 43 रन बनाए, लेकिन रोस्टन चेज की गेंद पर बोल्ड हो गए। चेज ने शिवम दुबे को भी सात रन के निजी स्कोर पर आउट किया। इसके बाद श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों में 40 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं, तिलक वर्मा ने महज 18 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की आक्रामक बल्लेबाजी ने मध्यक्रम में लगे झटकों से भारत को उबारा और टीम का स्कोर पांच विकेट पर 249 रन तक पहुंचा दिया। सैमसन को शमर स्प्रिंगर ने आउट किया। डीप में खड़े कामिल पूरन ने उनका कैच पकड़ा।
विज्ञापन

संजू सैमसन - फोटो : PTI
पिच को समझकर की आक्रामक बल्लेबाजी
  • सैमसन ने बताया कि शुरुआत में पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। गेंद कभी तेजी से बल्ले पर आ रही थी तो कभी नीचे रह रही थी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग मैदानों पर खेलने की चुनौती यही होती है कि परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है।
  • उन्होंने कहा कि पिछले दिन अभ्यास के दौरान उन्हें अंदाजा हो गया था कि रांची की पिच पर गेंद नीचे रह सकती है और तेजी से बल्ले तक आ सकती है। इसके बावजूद उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ बल्लेबाजी जारी रखी और उनके शॉट सफल रहे।
  • अपनी रणनीति के बारे में सैमसन ने कहा कि वह पहले से शॉट तय करने के बजाय गेंद को देखकर प्रतिक्रिया देना पसंद करते हैं। अगर गेंद उनके खेलने के क्षेत्र में होती है तो वह उस पर प्रहार करते हैं। वह गेंदबाज की लाइन और लेंथ के हिसाब से अपने स्वाभाविक खेल पर भरोसा रखते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें