वेस्टइंडीज के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। हेटमायर ने यह उपलब्धि भारत के खिलाफ सुपर आठ चरण के मैच में हासिल की। हेटमायर इस मैच में बड़ी पारी तो नहीं खेल सके, लेकिन उन्होंने नया कीर्तिमान बनाया। हेटमायर का बल्ला मौजूदा टूर्नामेंट में जमकर चला है।
भारत ने जीता टॉस
भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया । कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि उन्होंने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं, वेस्टइंडीज ने ब्रैंडन किंग की जगह इस मैच के लिए अकील हुसैन को मौका मिला। इस मैच में हेटमायर 12 गेंदों पर एक चौका और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए।
मौजूदा टूर्नामेंट में लगाए 19 छक्के
शिमरॉन हेटमायर ने मौजूदा टी20 विश्व कप में 19 छक्के लगाए हैं जो टूर्नामेंट के किसी संस्करण में सर्वाधिक है। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ा जिन्होंने 18 छक्के लगाए थे। तीसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैं जिन्होंने 2024 टी20 विश्व कप में 17 छक्के लगाए थे। वहीं, वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने 2012 में 16 छक्के और अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज ने 2024 में 16 छक्के लगाए थे।
विंडीज ने दिया 196 रनों का लक्ष्य
वेस्टइंडीज की टीम ने 20 ओव रमें चार विकेट खोकर 195 रन बनाए। कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 8.5 ओवरों में 68 रन जोड़े। होप 33 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 32 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद चेज ने हेटमायर के साथ दूसरे विकेट के लिए 34 रन की साझेदारी की। यह टीम 119 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो चुकी थी, जहां से जेसन होल्डर ने रोवमैन पोवेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। पोवेल 19 गेंदों में दो छक्कों और तीन चौकों के साथ 34 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि होल्डर ने 22 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ नाबाद 37 रन बनाए। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक दो विकेट निकाले। हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को एक-एक विकेट मिला।