भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। दूसरे टी20 में 249 रन बनाने के बावजूद मिली हार के बाद भारतीय टीम इस मुकाबले में जोरदार वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। आइए आपको बताते हैं होलकर स्टेडियम में टीम इंडिया का अब तक का टी20 रिकॉर्ड कैसा रहा है।
अब तक खेले हैं चार मुकाबले
भारतीय टीम ने इंदौर के होलकर स्टेडियम में अभी तक कुल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इस दौरान टीम को तीन में जीत नसीब हुई है, जबकि सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है। यह एक हार भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2022 में मिली थी। उस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 227 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत की पूरी टीम 178 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी।
टीम इंडिया ने इस ग्राउंड पर अपने आखिरी मैच में अफगानिस्तान को साल 2024 में हराया था। अफगानिस्तान को 172 रनों पर समेटने के बाद भारतीय टीम ने लक्ष्य को सिर्फ 15.4 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया था। टीम की ओर से यशस्वी जायसवाल ने 34 गेंदों में 68 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि शिवम दुबे ने 32 गेंदों में नाबाद 63 रन बनाए थे।
फिलहाल बराबरी पर है सीरीज
पांच मैचों की टी20 सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज के पहले टी20 में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया था। हालांकि, दूसरे टी20 में कैरेबियाई टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को छह विकेट से शिकस्त दी थी। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 249 रन बनाए थे। मगर वेस्टइंडीज की टीम कप्तान शाई होप की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत 250 रनों के लक्ष्य को 18.3 ओवर में चेज करने में सफल रही थी। होप 102 रन बनाकर नाबाद रहे थे, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों में 84 रनों की आतिशी पारी खेली थी। यह वेस्टइंडीज का टी20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक का सबसे बड़ा रन चेज भी रहा।
गौतम गंभीर
- फोटो : PTI Video Screengrab
महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे कोच गंभीर
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। गंभीर ने इस साल जनवरी में भी इस मंदिर का दौरा किया था। गंभीर ने कहा, बाबा ने मुझ पर एक बार फिर कृपा की है और मुझे दर्शन के लिए बुलाया है, जिसके लिए मैं सचमुच आभारी हूं। उनका आशीर्वाद हम सभी और पूरे देश पर बना रहे और हमारा देश व भारतीय टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रहे।