अंडर-19 विश्व कप शुरू होने से पहले भारतीय टीम शानदार लय में दिख रही है। अंडर-19 एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज की टीम को 108 रन से हराया है। इस मैच में भारत के लिए निशांत सिंधू ने सबसे ज्यादा 78 रन की पारी खेली। उनके अलावा कप्तान यश धुल ने भी 52 रन बनाए। वहीं कौशल तांबे और मानव पारख ने तीन-तीन विकेट अपने नाम किए। विकेटकीपर आराध्य यादव ने भी 42 रन बनाए।
इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और 18 रन के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद शेख रसीद और कप्तान यश धुल ने भारत की पारी संभाली और तीसरे विकेट के लिए 86 रन जोड़े। यश धुल के 52, आराध्य यादव के 42, निशांत सिंधु के 78 और कौशल तांबे के ताबड़तोड़ 21 रनों की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए। वेस्टइंडीज के लिए जॉहन लेन ने तीन विकेट लिए।
वेस्टइंडीज की खराब बल्लेबाजी
279 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम कुछ खास नहीं कर पाई और पूरी टीम 43 ओवरों में 170 रन पर ही सिमट गई। मैथ्यू नंदू ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। वहीं तीन विकेट लेने वाले जॉहन लेन ने भी 33 रन की पारी खेली। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा कार्लोन ने 20 रन बनाए। कैरिबियाई टीम के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। वहीं भारत के लिए मानव पारख और कौशल तांबे ने तीन-तीन विकेट लिए। अनीश्वर गौतम और गर्व सांगवान को दो-दो विकेट मिले।
सही समय पर फॉर्म में लौटे कप्तान
भारत के कप्तान यश धुल एशिया कप में कुछ खास नहीं कर पाए थे, लेकिन वर्ल्डकप के अभ्यास मैच में ही उन्होंने बेहतरीन पारी खेली है। धुल ने इस मैच में 67 गेंद में 52 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और दो छक्के निकले। अंडर-19 वर्ल्डकप की शुरुआत 14 जनवरी से हो रही है। ऐसे में कप्तान यश धुल का फॉर्म में लौटना भारत के लिए अच्छे संकेत हैं। इससे पहले 11 जनवरी को भारत का दूसरा अभ्यास मैच भी है। इसमें भी धुल और बेहतर तरीके से लय हासिल कर सकते हैं।