तीसरे टेस्ट के अंतिम दिन तेज गेंदबाजों की तिकड़ी ने गजब का खेल दिखाते हुए टीम इंडिया को मैच में जीत दिलाने के साथ-साथ सीरीज में अजेय बढ़त भी दिला दी।
विराट कोहली की अगुवाई में भारत ने यह मैच चायकाल से पहले ही 237 रनों से जीत लिया। नए कोच अनिल कुंबले की कोचिंग में टीम इंडिया की यह पहली सीरीज जीत भी है।
READ: SCORECARD
भारत ने पहली बार वेस्टइंडीज में किसी एक टेस्ट सीरीज में 2 मैच जीतने का कारनामा किया है।
टीम इंडिया ने सीरीज के तीसरे टेस्ट मैच के पांचवें और आखिरी दिन भारत ने लंच से पहले ही दूसरी पारी 7 विकेट पर 217 रन पर घोषित कर मेजबान वेस्टइंडीज के सामने 346 रन का बड़ा सा लक्ष्य रखा। फिर इसके बाद तेज गेंदबाजों ने कमाल का खेल दिखाते हुए ड्रॉ की ओर बढ़ रहे टेस्ट मैच में टीम को जोरदार जीत दिला दी।
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 4 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। भारत ने पहला टेस्ट जीता था जबकि दूसरा टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ था। भारत ने अब कैरेबियाई धरती पर टेस्ट सीरीज जीतने का हैट्रिक भी लगा दिया।
अंतिम दिन तेज गेंदबाजों ने दूसरी पारी में जल्दी-जल्दी 6 विकेट निकाले जिसमें मोहम्मद शमी ने 3, इशांत शर्मा ने 2 और भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट लिए। जबकि एक सफलता आर अश्विन के खाते में और दो सफलता रविंद्र जडेजा के खाते में गई।
मेजबान टीम के लिए ड्वेन ब्रॉवो ने 59 रनों की बड़ी पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे जिससे टीम को हार का सामना करना पड़ा। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी महज 108 रनों पर सिमट गई।