भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए तीसरे और आखिरी टी-20 मैच को टीम इंडिया ने 17 रनों से जीत लिया है। इस जीत के साथ ही रोहित शर्मा की अगुवाई में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज दोनों में क्लीन स्वीप किया है। टीम इंडिया सीरीज के लगातार तीनों मैच जीतकर आईसीसी रैंकिंग में भी शीर्ष पर काबिज हो गई है।
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन किया और मेहमान टीम को हर क्षेत्र में पटखनी दी। टीम इंडिया ने यहां पहले बल्लेबाजी करते हुए 184 रन बनाए और इसके बाद वेस्टइंडीज को 167 रनों पर ही रोक दिया। भारत की जीत में वैसे तो सभी ने अपना योगदान दिया लेकिन पांच खिलाड़ी ऐसे रहे जिन्होंने दमदार प्रदर्शन किया।