भारत और वेस्टइंडीज के बीच बुधवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम यह मैच जीतकर सीरीज पर 2-0 की अजेय बढ़त बनाना चाहेगी। पहला वनडे भारत ने छह विकेट से जीता था। इस मैच में मैदान पर उतरते ही विराट कोहली एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।
विराट कोहली बनाएंगे ये रिकॉर्ड
दूसरे वनडे में प्लेइंग-11 में शामिल होने के साथ ही कोहली भारतीय सरजमीं पर 100 वनडे मैच खेलने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, मोहम्मद अजहरुद्दीन और युवराज सिंह ही ऐसा कर पाए हैं। सचिन ने घरेलू मैदान पर 164 वनडे खेले हैं। वहीं, धोनी ने 127, अजहरुद्दीन ने 113 और युवराज ने 108 वनडे भारतीय सरजमीं पर खेले हैं।
ऐसा करने वाले विश्व के 36वें खिलाड़ी
ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें, तो कोहली घरेलू मैदान पर 100 या इससे ज्यादा वनडे खेलने वाले 36वें खिलाड़ी बनेंगे। पहले वनडे में कोहली बल्ले से कोई कमाल नहीं कर पाए थे और सिर्फ आठ रन बनाकर आउट हुए थे। हालांकि, उन्होंने एक रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वे घरेलू मैदान पर पांच हजार पूरे करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने थे।
कोहली ने घरेलू मैदान पर बनाए इतने रन
कोहली के नाम भारतीय जमीन पर 99 वनडे में 5002 रन हैं। उनसे ज्यादा सिर्फ सचिन ने रन बनाए हैं। इसमें 19 शतक और 25 अर्धशतक शामिल है। वहीं, सचिन ने 164 घरेलू मैदान पर खेले गए अंतरराष्ट्रीय वनडे मैचों में 6976 रन बनाए हैं। इसमें 20 शतक और 38 अर्धशतक शामिल है।
शतक का सूखा खत्म करना चाहेंगे कोहली
काफी समय से कोहली के बल्ले से कोई शतक नहीं निकला है। ऐसे में घरेलू मैदान पर अपने 100वें वनडे मैच को कोहली यादगार बनाना चाहेंगे। कोहली ने किसी भी फॉर्मेट में पिछला शतक नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में लगाया था।