भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में वेस्टइंडीज को छह विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 176 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारतीय टीम ने 28 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने 60 रन की पारी खेली। सूर्यकुमार यादव 34 रन और दीपक हूडा 26 रन बनाकर नाबाद रहे।
इस साल टीम इंडिया की पहली जीत
यह टीम इंडिया की इस साल की पहली जीत रही। भारत ने इस साल अब तक सभी फॉर्मेट मिलाकर छह मैच खेले हैं। इसमें दो टेस्ट और चार वनडे शामिल है। दो टेस्ट भारत ने दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर खेले थे। जोहानिसबर्ग में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारत को सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट में भी दक्षिण अफ्रीका ने भारत को सात विकेट से हराया था।
दक्षिण अफ्रीका में पांच मैचों में मिली थी हार
इसके बाद टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली थी। पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 31 रन, दूसरे वनडे में सात विकेट और तीसरे वनडे में चार रन से हराया था। इस तरह भारत ने दक्षिण अफ्रीकी दौरे पर खेले गए छह मैचों (तीन टेस्ट, तीन वनडे) में सिर्फ एक में जीत हासिल की थी। सेंचुरियन टेस्ट को भारत ने 113 रन से जीता था।
वेस्टइंडीज से पहले जीत की सख्त जरूरत थी
वेस्टइंडीज दौरे से पहले भारतीय टीम को एक जीत की सख्त जरूरत थी। ऐसा इसलिए क्योंकि टी-20 विश्व कप में मिली हार और कप्तानी वाले कंट्रोवर्सी के बाद से भारतीय टीम का प्रदर्शन खास नहीं रहा था। रोहित शर्मा को वनडे और टी-20 की कप्तानी सौंपी गई। हालांकि, दक्षिण अफ्रीकी दौरे से पहले रोहित चोटिल हो गए थे और केएल राहुल कप्तान बने।
रोहित की वापसी ने टीम इंडिया में नई जान फूंकी
राहुल की कप्तानी में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। अब रोहित की वापसी और इस जीत ने टीम इंडिया में नई जान फूंकी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहला वनडे भारत का 1000वां वनडे भी रहा। इस जीत ने भारत को तीन मैचों की सीरीज में ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया है। भारतीय टीम 1000 वनडे खेलने वाली पहली टीम भी है। भारत ने अपना पहला वनडे 1974 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था।
बतौर रेगुलर कप्तान रोहित का पहला वनडे
विराट कोहली को वनडे की कप्तानी से हटाए जाने के बाद रोहित शर्मा का यह बतौर रेगुलर कप्तान पहला वनडे मैच था। साथ ही विराट पहली बार रोहित की कप्तानी में खेल रहे थे। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच नौ फरवरी को अहमदाबाद में ही खेला जाएगा।
मैच के दौरान बने कई रिकॉर्ड्स
- मैच के दौरान निकोलस पूरन को आउट करते ही युजवेंद्र चहल ने वनडे में अपने 100 विकेट भी पूरे कर लिए। वे ऐसा करने वाले 23वें भारतीय खिलाड़ी बने।
- इसके अलावा दीपक हूडा भारत के लिए वनडे डेब्यू करने वाले 243वें खिलाड़ी बने।
- भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शाई होप को आउट कर अपने वनडे करियर का पहला विकेट लिया।
- कीरोन पोलार्ड 15वीं बार वनडे में शून्य पर आउट हुए। पोलार्ड बतौर कप्तान तीसरी बार शून्य पर पवेलियन लौटे।
- रोहित शर्मा के वनडे में ओपनर के रूप में 7298 रन हो गए हैं। भारत के लिए पारी की शुरुआत करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वे तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने वीरेंद्र सहवाग (7240) रन को पीछे छोड़ा।
- विराट कोहली ने भारत में 5000 रन पूरे हो गए हैं। वे किसी एक देश में पांच हजार रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर (भारत), रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) और जैक कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) में ऐसा किया है।