भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (12 जनवरी) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर खेला जाएगा। गुवाहाटी में पहला वनडे मैच जीतकर टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने पहले मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की थी। श्रेयस अय्यर और केएल राहुल इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे।
टीम इंडिया दूसरे वनडे में बदलाव के साथ उतर सकती है। बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले ईशान किशन को पिछले मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था। वहीं, श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के अंतिम मैच में शतक लगाने वाले सूर्यकुमार यादव को भी प्लेइंग-11 में नहीं रखा गया। अब ऐसा लग रहा है कि रोहित शर्मा इन दोनों खिलाड़ियों को दूसरे वनडे में मौका दे सकते हैं।
भारतीय टीम मध्य क्रम में बदलाव कर सकती है। केएल राहुल के स्थान पर ईशान किशन और श्रेयस अय्यर के स्थान पर सूर्यकुमार यादव को मौका मिल सकता है। इन दो बदलावों के अलावा रोहित शर्मा कोई अन्य बदलाव नहीं करना चाहेंगे। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, उमरान मलिक, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी को फिर से मौका दिया जा सकता है। हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी पर सबकी नजर होगी। पांड्या टी20 सीरीज के दौरान भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। पहले वनडे में उनके बल्ले से सिर्फ 14 रन ही निकले थे। ऐसे में देखना है कि अब किस तरह बल्लेबाजी करते हैं।
भारतीय टीम सितंबर 2017 के बाद पहली बार ईडन गार्डन्स पर वनडे मैच खेलेगी। तब टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 50 रन से हरा दिया था। भारत इस मैदान पर अब तक 21 वनडे मैच खेल चुका है। इस दौरान 12 मैचों में जीत मिली है और आठ मुकाबलों में हार। एक मैच में नतीजा नहीं निकला था।