भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला बेंगलुरु में शनिवार (12 मार्च) से खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है। बेंगलुरु टेस्ट से एक दिन पहले भारत के उपकप्तान जसप्रीत बुमराह ने शुक्रवार को कहा कि क्रिकेटरों को गुलाबी गेंद से टेस्ट खेलते समय मानसिक तौर पर सामंजस्य बिठाना होता है लेकिन कोई तय मानदंड नहीं है क्योंकि अब तक खेले गए दिन-रात के तीनों टेस्ट में हालात अलग-अलग थे।
बुमराह ने कहा, ‘पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर हमें हालात के अनुरूप तेजी से ढलना होगा। हमने गुलाबी गेंद से ज्यादा नहीं खेला है। जब भी खेला है तो हालात अलग-अलग रहे हैं तो कोई तय मानदंड नहीं है। जो कुछ भी थोड़ा बहुत अनुभव है और जो फीडबैक मिला है, उसके आधार पर ही उन चीजों पर काम कर सकते हैं जो आपके नियंत्रण में हैं।’ उन्होंने कहा कि मोहाली टेस्ट के दौरान भी टीम ने गुलाबी गेंद से वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग लिया था।
अक्षर को मिल सकता है मौका
यह पूछने पर कि टीम तीन स्पिनरों या तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी, बुमराह ने कहा कि आखिरी बार पिच का मुआयना करने के बाद ही टीम संयोजन पर फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हमने पिच देखी है लेकिन अंतिम मुआयना करने के बाद ही संयोजन के बारे में तय किया जाएगा।’
समझा जा रहा है कि जयंत यादव की जगह अक्षर पटेल को उतारा जा सकता है। बुमराह ने हालांकि इस बारे में कोई खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘अक्षर पिछली शृंखला में भी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने काफी योगदान दिया। वह चोटिल था लेकिन अब फिट हो चुके हैं। टीम संयोजन को लेकर बात की जाएगी। वह हमारे लिए उपयोगी खिलाड़ी है।’
कुलदीप को आईपीएल से पहले आराम
बुमराह ने यह भी कहा कि कुलदीप यादव को टीम से बाहर नहीं किया गया बल्कि आराम दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘वह लंबे समय से बबल में था और घर नहीं गया था। उसके इस मैच में खेलने की संभावना कम ही थी तो उसे आराम दिया गया है ताकि आईपीएल से पहले वह अपने परिवार के साथ समय बिता सके।’
बुमराह ने कहा, ‘हमें गुलाबी गेंद से फील्डिंग, गेंदबाजी या बल्लेबाजी की आदत नहीं है। हम गुलाबी गेंद से नहीं खेलते हैं। दूधिया रोशनी में क्षेत्ररक्षण करते हुए कई सामंजस्य बिठाने पड़ते हैं । हम अभी भी इस प्रारूप में नए हैं।’