रविचंद्रन अश्विन और श्रेयस अय्यर
- फोटो : सोशल मीडिया
बेंगलुरु टेस्ट में भारत ने श्रीलंका को 238 रन से हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। इस मैच में भारत के श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी की और दोनो पारियों में अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही श्रेयस पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने किसी डे-नाइट टेस्ट की दोनों पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाए हों। उन्होंने पहली पारी में 92 और दूसरी पारी में 67 रन बनाए। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
अय्यर ने अब तक चार टेस्ट खेले हैं और सात पारियों में 55.43 के औसत से 388 रन बना चुके हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन के बाद अय्यर और अश्विन की एक साल पुरानी चैट वायरल हो रही है।
साल भर पहले अश्विन से क्या बोले थे अय्यर
आईपीएल 2021 की शुरुआत से पहले अय्यर ने अश्विन से उनके यूट्यूब चैनल के शो डीआइएस विथ अश्विन में बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने अपने घरेलू रिकॉर्ड और प्रदर्शन पर खुलकर बात की थी। उस समय तक अय्यर ने भारत के लिए कोई टेस्ट मैच नहीं खेला था। तब अय्यर ने कहा था कि जब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया था तब उनका पहला उद्देश्य टेस्ट क्रिकेट खेलना ही था। उनका प्रथम श्रेणी रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की है, लेकिन उन्हें अब तक मौका नहीं मिला है।
अय्यर ने उस समय तक डेब्यू नहीं किया था, लेकिन बल्लेबाज को रन आउट किया था। धर्मशाला में विराट के चोटिल होने के बाद वो फील्डिंग करने के लिए मैदान में आए थे और रन आउट किया था। उस समय तक यही टेस्ट क्रिकेट में श्रेयस की सबसे बड़ी उपलब्धि थी।
डेब्यू मैच में जमाया शतक
श्रेयस ने साल 2021 में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। कानपुर टेस्ट में विराट उपलब्ध नहीं थे और अय्यर को उनकी जगह खेलने का मौका मिला था। इस मैच में उन्होंने बेहतरीन शतक लगाया था। वो 16वें भारतीय बने थे, जिन्होंने अपने पहले मैच में ही शतक लगाया था। इसके बाद उन्हें रहाणे की जगह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में मौका मिला और अपने पहले डे-नाइट टेस्ट में ही अय्यर ने कमाल की बल्लेबाजी की।