रोहित शर्मा, केएल राहुल, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह
- फोटो : अमर उजाला
भारत और श्रीलंका के बीच 24 फरवरी से टी-20 सीरीज की शुरुआत हो रही है। इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और ऋषभ पंत आने वाले समय में कप्तान बनने के लिए एकदम परफेक्ट हैं। रोहित ने कहा कि उन्हें इन तीनों खिलाड़ियों गाइड करने में खुशी होगी।
राहुल, पंत और बुमराह को गाइडेंस की जरूरत
34 साल के रोहित को हाल ही में टेस्ट का नया कप्तान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे पंत, राहुल और बुमराह को ज्यादा कुछ सिखाने की जरूरत नहीं है। ये तीनों एक मझे हुए खिलाड़ी हैं। हालांकि, उन्हें आगे बढ़ने में किसी की सहायता चाहिए होगी, जो कि उन्हें मुश्किल परिस्थितियों में सही रास्ता दिखा सके। मुझे यह रोल निभाने में खुशी होगी। हमने भी इसी तरह किसी को देखकर ही सीखा है।
रोहित और विराट को धोनी ने गाइड किया था
रोहित ने हालांकि, किसी का नाम नहीं लिया। रोहित ने अपने करियर की शुरुआत महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी में ही की थी। विराट कोहली और रोहित दोनों ही धोनी की कप्तानी में ही खेले और उनसे बहुत कुछ सीखा। विराट भारत के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। वहीं, रोहित अब क्रिकेट के तीनों प्रारूप में उनकी उत्तराधिकारी हैं।
श्रीलंका सीरीज के लिए बुमराह को बनाया गया उपकप्तान
रोहित ने कहा कि पंत, राहुल और बुमराह तीनों को भारत को टॉप पर पहुंचाने के लिए अहम योगदान देना होगा। तीनों आने वाले समय में टीम की लीडरशिप के मुख्य दावेदारों में से एक रहेंगे। श्रीलंका टी-20 और टेस्ट सीरीज के लिए जसप्रीत बुमराह को उपकप्तान बनाया गया है, क्योंकि केएल राहुल दोनों ही सीरीज में नहीं खेलेंगे।
बुमराह को लेकर रोहित शर्मा ने क्या कहा?
रोहित ने कहा- इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि बुमराह बल्लेबाज हैं या गेंदबाज। क्रिकेट दिमाग का खेल है और बुमराह के पास एक चतुर खिलाड़ी हैं। मैं उन्हें अच्छी तरह से जानता हूं और मुझे पता है कि उनके पास किस तरह का क्रिकेटिंग माइंड है। फिलहाल उनके पास लीडरशिप रोल में खुद को ढालने का बेहतरीन मौका है। मुझे उनसे काफी उम्मीद है।
रोहित सभी मैच खेलेंगे
रोहित श्रीलंका सीरीज में पहली बार टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी करते नजर आएंगे। तीनों फॉर्मेट का कैप्टन बनाए जाने के बाद हिटमैन ने कहा- यह सम्मान की बात है और तीनों प्रारूपों का कप्तान बनना एक शानदार अनुभव है। हमारे सामने अभी ढेर सारी चुनौतियां हैं। रोहित ने कहा कि फिलहाल वह पूरी तरह फिट हैं और आगे के सारे मैच खेलेंगे।