गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 का खिताब जीता। टीम को खिताब दिलाने वाले कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपने शानदार प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने न केवल बल्ले से बल्कि गेंद से भी कमाल दिखाया। इसके बाद कई पूर्व क्रिकेटर्स ने हार्दिक की तारीफ में पुल बांध दिए हैं। इसी कड़ी में सुनील गावस्कर ने भी हार्दिक की तारीफ की है।
हार्दिक को अगले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत नौ जून से होनी है। ऐसे में गावस्कर ने बताया है कि कौन सा बैटिंग पोजिशन हार्दिक के लिए सही है। गुजरात के लिए हार्दिक ने टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी की थी। वह तीसरे या चौथे स्थान पर टीम के लिए बल्लेबाजी कर रहे थे। वहीं, टीम इंडिया में उन्हें छठे या सातवें स्थान पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाता था।
गुजरात के लिए टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करने की वजह से ही हार्दिक इस सीजन बाकी सीजन की तुलना में सबसे ज्यादा रन बना सके। 28 साल के हार्दिक ने आठ विकेट भी लिए। गावस्कर ने कहा- मुझे लगता है कि टीम इंडिया में उन्हें पांचवें या छठे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जाएगा। इन्हें आपस में घुमाया भी जा सकता है। ऐसा हुआ तो भारत के पास एक विस्फोटक प्लेइंग कॉम्बिनेशन होगा।
गावस्कर ने कहा- 14वें से 20वें ओवर तक के लिए भारत के पास कुछ आक्रामक बल्लेबाज रहेंगे और टीम आखिरी छह ओवर में 100 से 120 रन बना सकेगी। पंत और हार्दिक ऐसा करने में सक्षम हैं। यह देखना दिलचस्प होगा। मैं पंत और हार्दिक को पांचवें और छठे नंबर पर एकसाथ बल्लेबाजी करते देखने के लिए उत्सुक हूं। यह सीजन हार्दिक के लिए बल्ले से खास रहा है और वह यही फॉर्म आगे भी जारी रखना चाहेंगे।
हार्दिक ने आईपीएल 2022 में 15 मैचों में 44.27 की औसत और 131.27 के स्ट्राइक रेट से 487 रन बनाए। इससे पहले किसी एक सीजन में उनका स्कोर 402 रन था, जो उन्होंने आईपीएल 2019 में 16 मैचों में बनाए थे। तब हार्दिक मुंबई इंडियंस की टीम से खेलते थे। इस साल मेगा ऑक्शन से पहले उन्हें गुजरात की टीम ने रिटेन किया था।