सेंचुरियन टेस्ट में धीमे ओवर रेट के कारण भारतीय टीम को आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में एक अंक का नुकसान उठाना पड़ा है। आईसीसी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। इसके साथ ही टीम इंडिया की मैच फीस में भी 20 फीसदी की कटौती की गई है। भारतीय टीम निर्धारित समय में एक ओवर कम कर पाई थी। आईसीसी के नियम के अनुसार गेंदबाजी करने वाली टीम के खिलाड़ियों को हर ओवर के लिए 20 फीसदी जुर्माना लगाया जाता है।
भारतीय टीम एक ओवर पीछे थी, इसलिए 20 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गलती स्वीकार की और जुर्माना भी स्वीकार किया। इस वजह से आधिकारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं थी।
क्या इंग्लैंड जैसी होगी भारत की हालत
आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के सत्र 2021-2023 में इंग्लैंड की टीम ने लगातार धीमे ओवर रेट से गेंदबाजी की है और लगातार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अंक गंवाए हैं। वहीं पिछले कुछ मैचों में इंग्लैंड का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद इंग्लैंड की टीम भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ संघर्ष करती दिखी और एशेज सीरीज में भी इंग्लैंड हार चुकी है। वहीं इस सीरीज में धीमे ओवर रेट के कारण वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में कई अंक भी गंवाए हैं।
सेंचुरियन में भारत ने रचा इतिहास
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मैच में भारत ने शानदार जीत दर्ज की है। इस मैच में टीम इंडिया ने अफ्रीका को 113 रन से हराया। सेंचुरियन के मैदान में यह पहला मौका था, जब भारत ने यहां टेस्ट मैच जीता था। वहीं अफ्रीकी टीम इस मैदान में सिर्फ तीसरी बार ही हारी है। इस जीत के साथ भारत ने टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।