दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नौ दिसंबर से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए बुधवार को भारतीय टीम घोषित हो गई। इस 15 सदस्यीय टीम में शर्तों के साथ शुभमन गिल को भी जगह दी गई है जो टेस्ट सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। हालांकि, बीसीसीआई ने बताया है कि गिल की उपलब्धता सीओई की फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। यानी गिल तभी खेलेंगे जब उन्हें पूरी तरह फिट होने की मंजूरी मिलेगी। वहीं, हार्दिक पांड्या की भी टीम में वापसी हुई है जो एशिया कप फाइनल से पहले चोटिल हो गए थे।
टी20 सीरीज का कार्यक्रम
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच फिलहाल तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। रांची में खेले गए पहले मैच में जीत के साथ भारतीय टीम ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। आज दोनों के बीच दूसरा मुकाबला रायपुर में खेला जा रहा है जबकि तीसरे मैच में दोनों टीमें विशाखापत्तनम में आमने-सामने होंगी। इसके बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेलेंगी, जिसकी शुरुआत 9 दिसंबर से होगी। पहला मुकाबला कटक में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 11 दिसंबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। इस सीरीज के बाकी तीन मुकाबले क्रमश: 14 दिसंबर, 17 दिसंबर और 19 दिसंबर को धर्मशाला, लखनऊ और अहमदाबाद में खेले जाएंगे।
टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिए अहम है यह सीरीज
टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज भारत के लिए अहम है। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसका आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका पर जीत के साथ तैयारियां तेज करने उतरेगी। इस टीम में दोनों विकेटकीपर बल्लेबाजों को शामिल किया गया है, जिनमें जितेश शर्मा और संजू सैमसन शामिल हैं।
बुमराह की वापसी
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टी20 सीरीज में वापसी हुई है। इससे पहले उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलते देखा गया था। उनके वर्कलोड को देखते हुए उन्हें तीन वनडे मैचों की सीरीज में आराम दिया गया। अब वह एक बार फिर मैदान पर वापसी के लिए तैयार हैं। वहीं, चयनकर्ताओं ने टीम ने तेज गेंदबाजी के लिए बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को शामिल किया है।