टी20 विश्व कप में शनिवार को भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। यह मैच बारबाडोस के केनसिंगटन ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले के लिए दोनों टीमें तैयार हैं। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि दोनों टीमें इस आखिरी मैच के लिए अपने-अपने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं करेगी।
टीम के चयन के वक्त हुई थी रोहित-द्रविड़ की आलोचना
जब इस टूर्नामेंट के लिए भारत ने 15 सदस्यीय टीम का एलान किया था, तब कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की खूब आलोचना हुई थी। टीम में चार स्पिनर्स को रखने को लेकर फैंस ने इन दोनों पर निशाना साधा था। हालांकि, तब रोहित ने बहुत धैर्य रखते हुए जवाब दिया था कि वेस्टइंडीज में वह इन सारे सवालों का जवाब देंगे। अब जब टी20 विश्व कप में स्पिनरों का बोलबाला देखने को मिल रहा है तो आलोचकों को रोहित का फैसला सही दिखाई पड़ रहा है।
वेस्टइंडीज में तीन स्पिनर्स का जलवा
अमेरिका में मैच तक भारत ने तीन मुख्य तेज गेंदबाजों को मौका दिया है, वहीं वेस्टइंडीज पहुंचते ही तीन स्पिनर्स खेलते दिखाई पड़ रहे हैं। टीम इंडिया को इसका फायदा भी मिला है। जहां अमेरिकी लेग में भारत ने लगातार तीन मैच जीते और कनाडा वाला मैच बिना टॉस के रद्द हो गया। वहीं, वेस्टइंडीज लेग में टीम लगातार चार मैच जीत चुकी है। भारत टी20 विश्व कप 2024 में अब तक अजेय है और गेंदबाजी, बल्लेबाजी से लेकर फील्डिंग तक, सबमें भारतीय खिलाड़ियों का दम देखने को मिला है।
दक्षिण अफ्रीका का भी हाल टीम इंडिया जैसा
वहीं, दक्षिण अफ्रीका की बात करें तो उसका भी हाल कुछ हद तक टीम इंडिया जैसा रहा है। टीम ने इस संस्करण में अपने शुरुआती तीन मैच न्यूयॉर्क में ही खेले थे और चार तेज गेंदबाज खिलाए थे। फिर टीम वेस्टइंडीज पहुंची और एक अतिरिक्त स्पिनर को मौका दिया।
दक्षिण अफ्रीका की खास बात यह है कि उनके पास कई पार्ट टाइम स्पिनर हैं। खुद कप्तान मार्करम भी ऑफ स्पिन करते हैं। इसके अलावा चाइनामैन तबरेज शम्सी और केशव महाराज हैं। इनका स्पिन आक्रमण भी कुछ हद तक भारत जैसा है। यही वजह है कि दक्षिण अफ्रीका की टीम इस संस्करण में एक भी मैच नहीं हारी है। उसने आठ में से आठ मुकाबले जीते हैं।
इंडिया 11 vs दक्षिण अफ्रीका 11
फाइनल में जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी तो जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। हालांकि, भारत के लिए एडवांटेज इस बात का होगा कि टीम इंडिया पहले भी अलग-अलग आईसीसी टूर्नामेंट में फाइनल खेल चुकी है, जबकि दक्षिण अफ्रीका का यह आईसीसी विश्व कप टूर्नामेंट का पहला फाइनल होगा। ऐसे में फाइनल में भी दक्षिण अफ्रीका के लिए भारत से पार पाना आसान नहीं होगा। आइए ग्राफिक्स में देखते हैं कि एक से लेकर 11वें पोजिशन तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों में से किसका इस विश्व कप में प्रदर्शन बेहतर रहा है...