भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने मंगलवार को स्पष्ट संकेत दिए कि तेज गेंदबाज उमरान मलिक को अभी अंतरराष्ट्रीय मैच में पदार्पण के लिए इंतजार करना होगा। गुरुवार को शुरू होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले टी-20 मैच से बोलते हुए द्रविड़ ने कहा कि यह देखने की जरूरत होगी कि हम उसे (मलिक) खेलने के लिए कितना समय दे पाएंगे।
द्रविड़ ने कहा कि हमारे पास एक बड़ी टीम है और सभी का एकादश में होना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं निरंतरता पसंद करता हूं और खिलाड़ी को जमने का समय देता हूं। कोच ने उमरान के बारे में कहा कि निश्चित रूप से उसके पास गति है और आईपीएल में उसने मिश्रण से गेंदबाजी करते देखना अच्छा लगा। मैं उसे टेस्ट क्रिकेट में खेलते देखना चाहता हूं।
दिनेश कार्तिक से जुड़ा अजब संयोग
यह एक अजब संयोग है कि जब भारत ने अपना पहला टी-20 मैच दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जोहांसबर्ग में खेला था, तब वीरेंद्र सहवाग की कप्तानी वाली टीम में दिनेश कार्तिक मौजूद थे। उन्होंने मैच में 28 गेंद में 31 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी। उनके शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया था।
आज जब भारत को लोकेश राहुल की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिल्ली में पहला टी-20 मैच खेलना है तो उस 18 सदस्यीय टीम में सिर्फ दिनेश कार्तिक ही एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो 16 साल बाद भी टीम का हिस्सा हैं। उनसे इस सीरीज में फिनिशर के तौर पर आजमाने की संभावना है।