भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार को पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस सीरीज में फिलहाल 2-1 से आगे चल रही है। भारत के पास वनडे के बाद टी20 सीरीज जीतने का भी अच्छा अवसर है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा मुकाबला कोहरे के कारण रद्द हो गया था।
कप्तान सूर्यकुमार की फॉर्म चिंता का विषय
यह सुनिश्चित है कि भारत अब इस सीरीज को हार नहीं सकता है जो मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए राहत की बात होनी चाहिए क्योंकि टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। कुछ समय पहले तक विश्व के नंबर एक खिलाड़ी रहे सूर्यकुमार की फॉर्म भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने टी20 में इस साल 20 मैचों में 18 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं बनाया। इस दौरान उन्होंने 14.20 के औसत से 213 रन बनाए।
गिल का खेलना संदिग्ध
दूसरी तरफ, उपकप्तान शुभमन गिल पिछले मैच में अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे जिससे उनका अंतिम मैच में खेलना संदिग्ध है। भारतीय टीम किसी तरह का जोखिम लेना उचित नहीं समझेगी क्योंकि उसके पास शीर्ष क्रम में संजू सैमसन के रूप में एक अच्छा विकल्प मौजूद है। सैमसन निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए कभी भी सही विकल्प नहीं थे। उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि मध्यक्रम में वह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके अलावा भारतीय टीम संतुलित नजर आती है क्योंकि दोनों ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे अब तक खेले गए तीनों मैचों में अंतिम एकादश में शामिल रहे हैं।
हर्षित को मिलेगा मौका?
तेज गेंदबाजी आक्रमण में अर्शदीप सिंह अपनी लय में आ रहे हैं, जबकि हर्षित राणा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बीच निजी कारणों से तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेल पाने वाले जसप्रीत बुमराह चौथे मैच से पहले टीम से जुड़ गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बुमराह की वापसी के बाद हर्षित को प्लेइंग-11 में मौका मिलता है या नहीं। अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल मानी जाती है जो इस सीरीज में भारत के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती के लिए चुनौती पेश करेगी।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर , जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
दक्षिण अफ्रीका: रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवान फेरेरा, जॉर्ज लिंडे, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, लुंगी एनगिडी, ओटेनिल बार्टमैन।