भारतीय क्रिकेट टीम रविवार (12 जून) को कटक के बाराबती स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ने के लिए तैयार है। दोनों टीमों के बीच यहां पांच टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया सीरीज में अभी 0-1 से पीछे है। दिल्ली में खेले गए मैच में ऋषभ पंत पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी कर रहे थे। कुछ गलतियों के कारण पंत की कप्तानी की आलोचना हुई थी। अब कटक में होने वाले मैच से पहले भुवनेश्वर कुमार ने उनका बचाव किया है।
भारतीय टीम 212 रन के लक्ष्य का बचाव नहीं कर पाई थी। अफ्रीकी टीम ने उसे सात विकेट से हरा दिया था। भुवनेश्वर ने दूसरे टी20 से पहले प्रेस कांफ्रेंस में कहा, "ऋषभ पंत एक युवा कप्तान हैं, यह उनका पहला मैच था। ऐसा सभी के साथ होता है। मुझे यकीन है कि वह अगले मैचों में बेहतर करने की कोशिश करेंगे।''
भुवनेश्वर ने आगे कहा, ''कप्तान अगर कोई फैसला लेता है और विकेट मिल जाता है तो लोग उसकी तारीफ करते हैं। वहीं अगर सफलता नहीं मिलती है तो आलोचना होती है। मुझे लगता है कि पूरी टीम के प्रदर्शन पर कप्तान का प्रदर्शन निर्भर करता है।''
मौजूदा टीम में शामिल सबसे अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर ने आगे कहा, ''पहले मुकाबले में हमारी टीम ने खराब गेंदबाजी की। अगर आपके गेंदबाज खराब प्रदर्शन करेंगे तो कोई भी कप्तान कुछ नहीं कर सकता है। टीम अभी अनुभवी गेंदबाज नहीं हैं। नए गेंदबाजों को अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। मुझे उम्मीद है कि हमारी टीम दूसरे मैच में वापसी करेगी।''
भारतीय टीम 20 दिसंबर 2017 के बाद इस मैदान पर उतरेगी। उसने पिछली बार श्रीलंका को 93 रन से हराया था। उससे पहले 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां जीत हासिल की थी। सात साल बाद दोनों टीमें इस मैदान पर आमने-सामने होंगी।