दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में जीत से आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम दूसरे टी20 में भी दमदार प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला मुल्लांपुर में खेला जाएगा। सितंबर में दो महिला वनडे मैचों की मेजबानी करने के बाद इस मैदान पर पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। भारत की नजरें इस दौरान सीरीज में 2-0 की बढ़त दर्ज करने पर टिकी होंगी।
युवराज-हरमनप्रीत के नाम स्टैंड का होगा अनावरण
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टी20 मैच के दौरान न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह और भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर के नाम पर बने स्टैंड का भी अनावरण किया जाएगा। युवराज ने 2011 वनडे विश्व कप में भारत को खिताबी जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जबकि भारतीय महिला टीम ने इस साल हरमनप्रीत की कप्तानी में पहली बार वनडे विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की थी।
गिल पर रहेगी नजरें
अभी तक सबसे छोटे प्रारूप में अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे शुभमन गिल दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपने घरेलू मैदान पर फॉर्म में वापसी करने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। पांच मैचों की इस सीरीज के पहले दो मैचों के बीच केवल एक दिन का अंतराल है और ऐसे में गिल को सीधे मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन टी20 में वह अपनी इस सफलता को नहीं दोहरा पाए हैं जिससे उन पर दबाव बनना स्वाभाविक है।
हम यहां आपको भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 मैच की लाइव स्ट्रीमिंग से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं...
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 कब खेला जाएगा?
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 11 दिसंबर यानी गुरुवार को खेला जाएगा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 कहां खेला जाएगा?
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 मुल्लांपुर के महाराजा यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 कितने बजे से खेला जाएगा?
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 शाम 7:00 बजे से शुरू होगा जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले शाम 6:30 बजे होगा।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 कहां देख पाएंगे?
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टी20 स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के सभी चैनलों पर टेलीकास्ट होगा। इसके अलावा जियोहॉटस्टार एप पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग होगी। आप Amarujala.com पर भी मैच के लाइव अपडेट्स पढ़ सकते हैं।