भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को सुपर-4 का महामुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले एक बार फिर पाकिस्तान ने अपनी बौखलाहट के सबूत देने शुरू कर दिए हैं। दरअसल, टीम ने मैच से पहले होने वाली प्रेस वार्ता रद्द कर दी। जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से पत्रकारों ने सवाल किया तो उन्होंने 'बाद में बात करेंगे' कहकर टाल दिया।
मनोवैज्ञानिक दबाव नहीं झेल पा रही पाक टीम
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि पाकिस्तान ने खिलाड़ियों का तनाव कम करने के लिए प्रेरक वक्ता डॉक्टर राहील अहमद की सेवाएं लीं। ऐसी चर्चा है कि पाकिस्तान टीम में शामिल कई युवा सितारों से सजी भारतीय टीम के खिलाफ खेलने का मनोवैज्ञानिक दबाव नहीं झेल पा रहे हैं। डॉक्टर अहमद ने प्रत्येक खिलाड़ी से बात की ताकि पता चल सके कि दबाव के हालांत में वे मानसिक तौर पर पिछड़ क्यों जाते हैं। टीम के एक सूत्र ने बताया कि ग्रुप लीग मैच होने के बाद डॉक्टर अहमद टीम से जुड़े और तब से सहयोगी स्टाफ के साथ काम कर रहे हैं।
दोनों टीमों ने किया अभ्यास
सुपर-4 के महामुकाबले से पहले शनिवार को दोनों टीमों ने जमकर अभ्यास किया। इस दौरान पाकिस्तान टीम थोड़ी सुस्त नजर आई। वहीं, सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम के हौसले बुलंद दिखे। दोनों टीमें एक ही ग्रुप का हिस्सा थीं। भारत ने ग्रुप ए में अपने तीनों मुकाबले जीते और शीर्ष पर रही। वहीं, पाकिस्तान को एक मैच में शिकस्त मिली।