विराट ने एशिया कप में सुपर-4 के मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 60 रन बनाए। यह टूर्नामेंट में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। वह एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
विराट कोहली को एक सप्ताह पहले तक टीम से बाहर करने की मांग चल रही थी। दुनिया के कई क्रिकेट पंडित उन्हें नकार चुके थे। कोहली एक महीने बाद पेशेवर क्रिकेट में लौटने वाले थे। उनके ऊपर दबाव था। इन मुश्किल परिस्थितियों से पहले भी दिग्गज खिलाड़ी बाहर निकले थे। अब विराट की बारी थी। उन्होंने वैसा ही किया। एशिया कप के लगातार तीसरे मैच में वह टीम इंडिया के संकटमोचक बने, अपनी फिटनेस का जलवा दिखाया और ज्यादा खतरा उठाए बिना भारत का स्कोर 180 के पार ले गए।
विज्ञापन
विराट ने रविवार (चार सितंबर) को सुपर-4 के मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ 60 रन बनाए। यह टूर्नामेंट में उनका लगातार दूसरा अर्धशतक है। कोहली जब क्रीज पर उतरे तब टीम इंडिया का स्कोर 5.1 ओवर में एक विकेट पर 54 रन था। आठ रन बाद केएल राहुल आउट हो गए। कोहली ने फिर सूर्यकुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी की। इसके बाद ऋषभ पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 35 और दीपक हुड्डा के साथ छठे विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी की। विराट ने 44 गेंद पर 60 रन बनाए। इस दौरान चार चौके और एक छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 136.36 का रहा।
विराट कोहली और दीपक हुड्डा
- फोटो : सोशल मीडिया
जब 33 किमी की रफ्तार से दौड़े विराट
विराट ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक और दो रन दौड़कर भी लिए। एक बार तो कोहली दो रन लेने के प्रयास में विकेट के बीच में 33 किमी की रफ्तार से दौड़ गए। इससे उन्होंने अपनी फिटनेस का प्रमाण दिया। उन्होंने यह साबित कर दिया कि टीम में वह सबसे फिट खिलाड़ियों में एक हैं।
विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
हाई एल्टीट्यूड मास्क पहनकर दौड़े थे कोहली
कोहली मैच से दो दिन पहले ट्रेनिंग के दौरान हाई एल्टीट्यूड मास्क पहनकर दौड़ रहे थे। विशेषज्ञों की मानें तो इस मास्क को पहनकर दौड़ने से फेफड़े मजबूत होते हैं और कम हवा में भी फेफड़े बेहतर काम करते हैं। इससे सांस लेने में परेशानी नहीं होती है। विराट 10 मिनट तक इस मास्क को पहनकर दौड़े थे। इसका इस्तेमाल शीर्ष स्तर के एथलीट करते हैं। इसी का फायदा उन्हें मैच के दौरान मिला और उन्होंने 38 रन भागकर बनाए।
विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
एशिया कप में कोहली भारत के टॉप स्कोरर
कोहली के इस एशिया कप में तीन मैच की तीन पारियों में 154 रन हो गए हैं। उनका औसत 77.00 का रहा है। भारत के लिए कोहली के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। दूसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव हैं। उन्होंने तीन मैच की तीन पारियों में 99 रन बनाए हैं।
विराट ने तोड़ा रोहित का रिकॉर्ड
कोहली ने अपने टी20 करियर का 32वां अर्धशतक लगाया। वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 50 या उससे ज्यादा रन की पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में रोहित दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 31 बार ऐसा किया है। इनमें 27 अर्धशतक और चार शतक शामिल हैं।