फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: भारत से हार के बाद पाकिस्तान में भूचाल, बाबर समेत सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करने की उठी मांग

Mon, 16 Feb 2026 04:35 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो

सार

टी20 विश्व कप में भारत से 61 रन की हार के बाद पाकिस्तान टीम की जमकर आलोचना हो रही है और बाबर आजम समेत कई सीनियर खिलाड़ियों को बाहर करने की मांग उठी है। पूर्व खिलाड़ियों ने रणनीति और टीम चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैच पहली पारी में ही पाकिस्तान के हाथ से निकल गया था।
विज्ञापन
बाबर-शाहीन-शादाब - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 विश्व कप में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत से 61 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में उथल-पुथल मच गई है। कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम आलोचनाओं के केंद्र में आ गए हैं और कई पूर्व खिलाड़ियों ने उन्हें टी20 टीम से बाहर करने की मांग की है।
विज्ञापन

भारतीय गेंदबाजों आक्रमण ने उड़ाईं पाकिस्तान की धज्जियां
भारत की ओर से युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन ने 40 गेंदों में 77 रन की विस्फोटक पारी खेलकर पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। मध्यक्रम से उपयोगी योगदान मिला और टीम ने मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारतीय तेज और स्पिन आक्रमण के सामने बिखर गई।

शाहिद अफरीदी ने की इन तीन खिलाड़ियों को बाहर करने की मांग
पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर उनके हाथ में होता तो वे बाबर, शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनते। उनका मानना है कि अब इस प्रारूप में युवाओं को मौका देने का समय आ गया है। इस मैच में शाहीन ने दो ओवर में 31 रन दिए, जबकि बाबर को पांच रन पर आउट कर दिया गया।

जावेद मियांदाद ने भी उठाए प्रदर्शन पर सवाल
पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने माना कि बड़े मैचों में पाकिस्तान दबाव झेलने में नाकाम रहा। वहीं बाबर के समर्थक माने जाने वाले मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा कि इस हार के बाद बाबर और शाहीन का टी20 करियर समाप्त हो जाना चाहिए। बाबर के आलोचक अहमद शहजाद ने भी उनके प्रदर्शन को लेकर तीखी टिप्पणी की।
विज्ञापन

मोइन खान और वकार यूनिस ने भी जताई नाराजगी
पूर्व कप्तान मोइन खान ने स्वीकार किया कि मौजूदा समय में भारत किसी भी प्रारूप में पाकिस्तान से बेहतर टीम है। मियांदाद ने टीम संयोजन पर भी सवाल उठाए और पूछा कि फहीम अशरफ से गेंदबाजी क्यों नहीं करवाई गई तथा छह स्पिनरों के साथ उतरने का क्या तुक था।

इस बीच पूर्व तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने कहा कि पाकिस्तान ने मैच पहली पारी में ही गंवा दिया था। उनके अनुसार जब सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने 175 रन बना लिए, तभी मुकाबला पाकिस्तान की पकड़ से बाहर हो गया था। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने स्पिनरों का बेहतर इस्तेमाल किया और गेंदबाजी में समझदारी दिखाई।

वकार ने यह भी कहा कि अगर भारत 175 के बजाय 140 या 150 रन पर रुकता तो स्थिति अलग हो सकती थी, क्योंकि पाकिस्तान की बल्लेबाजी उतनी मजबूत नहीं है। उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि उस्मान तारिक को गेंदबाजी के लिए देर से लाया गया, जबकि उन्होंने किफायती गेंदबाजी की। इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में निराशा का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी टीम की रणनीति, चयन और वरिष्ठ खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें