ऑस्ट्रेलिया में अगले महीने से टी20 वर्ल्ड कप का शुरू होने वाला है। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। टूर्नामेंट में 23 अक्तूबर को भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला है। यह मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेला जाएगा। वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का वह पहला मैच होगा। टीम इंडिया इस मुकाबले में पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में मिली हार का बदलना लेने उतरेगी।
मेलबर्न में पहली बार दोनों टीमें किसी वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी। वहीं, भारत और पाकिस्तान की टीमें पहली बार ऑस्ट्रेलिया के किसी मैदान पर टी20 फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। वनडे वर्ल्ड कप में एक बार दोनों का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया में हो चुका है। 2015 में भारत ने एडिलेड में पाकिस्तान को हराया था। मेलबर्न में इससे पहले दोनों टीमें बैन्सन और हेजर्स विश्व चैंपियनशिप में खेल चुकी हैं। 1985 में दो मुकाबले हुए थे और दोनों में भारत जीता था। इस तरह 37 साल बाद भारत और पाकिस्तान का मुकाबला मेलबर्न में होगा।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) के आधिकारिक ट्विटर हैंडल ने मैदान पर चल रहे कुछ काम की तस्वीरें साझा की हैं। खेल के मैदान में काम करने के लिए वाहनों और मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। एमसीजी ने ट्वीट किया, "और ऐसे ही... क्रिकेट लोड हो रहा है।" मेलबर्न में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान सुपर-12 राउंड के छह मुकाबले खेले जाएंगे। इसके अलाबा फाइनल मुकाबला भी यहीं होगा।
भारत और पाकिस्तान का मुकाबला इस महीने समाप्त हुए एशिया कप में दो बार हुआ था। ग्रुप दौर में टीम इंडिया ने धमाकेदार जीत हासिल की थी। वहीं, सुपर-4 राउंड में उसे हार मिली थी। भारतीय टीम इसके बाद श्रीलंका से भी हार गई थी। वह टूर्नामेंट के फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी।