अंक तालिका में अमेरिका से नीचे पहुंचा पाकिस्तान
पाकिस्तान की हार इतनी बड़ी रही कि टीम ग्रुप ए की अंक तालिका में अमेरिका से भी नीचे आ गया है। पाकिस्तान की टीम तीन मैचों में दो जीत और एक हार के साथ चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर खिसक गई है, जबकि अमेरिका की टीम चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ चार अंक लेकर दूसरे स्थान पर आ गई है। पाकिस्तान को अगर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई करना है तो उसे हर हाल में नामीबिया के खिलाफ मैच जीतना होगा।
भारत सुपर आठ में पहुंचा
भारतीय टीम लगातार तीन मैच जीतकर सुपर आठ में पहुंच गई है। भारत ने अमेरिका को हराकर टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद नामीबिया को मात दी थी। अब कोलंबो में पाकिस्तान को हराकर सुपर आठ के लिए क्वालिफाई कर लिया है। भारत ने तीन मैचों में तीन जीत दर्ज कर छह अंकों के साथ ग्रुप ए में शीर्ष पर अपना दबदबा बरकरार रखा है। अब उसका ग्रुप चरण में आखिरी मैच नीदरलैंड से 18 फरवरी को होगा।
ये भी पढ़ें: अमित शाह का PAK पर तंज: गृह मंत्री बोले- स्थान, प्रारूप या तारीख बदले पर नतीजा एक जैसा रहेगा; भारत को दी बधाई
ईशान किशन ने दिखाया दम
इससे पहले, ईशान ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े जिससे भारत चुनौतीपूर्ण लक्ष्य देने में सफल रहा। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेली। पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों से कराए जिसमें सईम अयूब 25 रन पर तीन विकेट चटकाकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए और उन्हें एक विकेट मिला। ईशान के अलावा भारत के अन्य बल्लेबाजों को बड़े शॉट खेलने के लिए संघर्ष करना पड़ा लेकिन इस सलामी बल्लेबाज ने एक बार फिर आक्रामक तेवर दिखाए। पाकिस्तान को इस मुकाबले में हाथ बीच में रोककर गेंदबाजी करने वाले स्पिनर उस्मान तारिक से काफी उम्मीदें थी। हालांकि भारतीय बल्लेबाजों को अधिक परेशानी नहीं हुई लेकिन उनके खिलाफ अधिक रन भी नहीं बने।