जीत के बाद कोहली को बधाई देते हार्दिक और रोहित
- फोटो : सोशल मीडिया
एशिया कप 2023 में भारत का पहला मैच पाकिस्तान के साथ है। इस मैच से पहले पाकिस्तान की टीम कागजों पर बेहद संतुलित नजर आ रही है और पाकिस्तान को भारत की तुलना में मजबूत माना जा रहा है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी अटैक में शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ जैसे गेंदबाज हैं और इन्हीं खिलाड़ियों की बदौलत पाकिस्तान का पलड़ा भारी माना जा रहा है। हालांकि, एक साल पहले जब टी20 विश्व कप में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ था तो विराट कोहली ने इन्हीं गेंदबाजों की जमकर धुनाई की थी और भारत को चार विकेट से यादगार जीत दिलाई थी। एशिया कप मैच से पहले हम इस मुकाबले के बारे में बता रहे हैं।
टी20 विश्व कप मैच में क्या हुआ था?
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या की शानदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 159 रन पर रोक दिया। पाकिस्तान के लिए शान मसूद ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। उन्होंने 42 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए। इफ्तिखार अहमद ने 34 गेंद पर 51 रन बनाए। कप्तान बाबर आजम का खाता भी नहीं खुला। मोहम्मद रिजवान चार रन बनाकर आउट हो गए। भारत के लिए अर्शदीप और हार्दिक ने तीन-तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी को एक-एक सफलता मिली।
जवाब में भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 160 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। कोहली ने 53 गेंद की पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। हार्दिक पांड्या ने 37 गेंद पर 40 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 15 रनों का योगदान दिया। रोहित शर्मा और केएल राहुल फेल रहे। दोनों ने चार-चार रन बनाए। अक्षर पटेल दो और दिनेश कार्तिक एक रन ही बना सके। अश्विन ने अपने करियर का सबसे यादगार एक रन बनाया। पाकिस्तान के लिए हारिस रउफ और मोहम्मद नवाज ने दो-दो विकेट झटके।
इस मैच में 160 रन का पीछा करते हुए भारत ने 31 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। कप्तान रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल छोटे स्कोर पर आउट हो गए थे। इसके बाद कोहली और हार्दिक ने शतकीय साझेदारी कर मैच में भारत की वापसी कराई और अंत में विराट ने हारिस रऊफ पर लगातार दो छक्के लगाकर मैच भी खत्म किया। मैच के बाद विराट ने इसे अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ टी20 पारी बताया था। एशिया कप में भी वह ऐसी ही पारी खेलना चाहेंगे।