एशिया कप में भारत के खिलाफ ब्लॉकबस्टर मैच से पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल से निपटने की अपनी योजना के बारे में खुलासा किया। शाहीन के खिलाफ आमतौर पर शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों को काफी परेशानी होती है। रोहित और शुभमन का प्रदर्शन हाल के दिनों में बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। शाहीन ने 2021 टी20 विश्व कप में रोहित और केएल राहुल को आउट किया था और पिछले साल मेलबर्न में टी20 विश्व कप के दौरान भारतीय सलामी बल्लेबाजों को भी परेशान किया था।
केएल राहुल इस मैच में चोट के कारण नहीं खेलेंगे। वह 17 सदस्यीय भारतीय दल में हैं, लेकिन दो मैचों के लिए बाहर हो चुके हैं। रोहित इस मैच में गिल के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। शुभमन ने हाल के दिनों में खुद को सभी प्रारूपों में सलामी बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है। शाहीन ने मैच से पहले कहा कि वह नई गेंद से सलामी बल्लेबाजों को जल्दी आउट करके भारत के मध्यक्रम पर दबाव बनाना चाहेंगे।
ओपनर्स को आउट करना मेरा लक्ष्य: शाहीन
शाहीन ने कहा, "मेरा गेम प्लान सरल है। हर ओपनर मेरे गेम प्लान को जानता है। हमेशा की तरह मेरा लक्ष्य ओपनर्स को आउट करना है ताकि बल्लेबाजी करने वाली टीम पर दबाव बनाया जा सके। जब मध्य क्रम आता है तो उसे नई गेंद से खेलने की आदत नहीं होती है।''
चार साल बाद वनडे में आमने-सामने दोनों टीमें
भारत और पाकिस्तान की टीमें वनडे फॉर्मेट में चार साल बाद तो एशिया कप वनडे में पांच साल बाद टकराएंगी। एशिया कप वनडे में भारत-पाकिस्तान का सामना 2018 में हुआ था, तो वनडे में दोनों का सामना 2019 विश्व कप के दौरान हुआ था।
श्रीलंका में सारे मैच खेलेगा भारत
इस बार एशिया कप हाईब्रिड फॉर्मूले पर खेला जा रहा है। पाकिस्तान अपने घरेलू मैदान पर टूर्नामेंट के 13 में चार मैचों की मेजबानी करेगा, जबकि सुपर फोर और फाइनल समेत नौ मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे। बीसीसीआई द्वारा अपनी टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार करने के बाद पीसीबी ने श्रीलंका के साथ मिलकर मेजबानी का फैसला किया। भारत अपने सारे मैच श्रीलंका में ही खेलेगा। टूर्नामेंट का फाइनल मैच कोलंबो में 17 सितंबर को खेला जाएगा।