टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत में दो दिन शेष हैं। सात फरवरी से शुरू हो रहे इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए गुरुवार को कैप्टंस मीट का आयोजन किया गया। जहां कोलंबो में पाकिस्तान टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने भारत के खिलाफ ग्रुप मुकाबले के बहिष्कार पर बात की। आइये जानते हैं...
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि भारत के खिलाफ बहिष्कार का फैसला शाहबाज शरीफ की सरकार ने लिया है। उन्होंने कहा कि हम मजबूर हैं। बता दें कि, सात फरवरी से शुरू हो रहे टी20 विश्व कप के लिए गुरुवार को कैप्टंस मीट का आयोजन किया गया। इस दौरान सलमान आगा ने पाकिस्तान के बहिष्कार के ड्रामे पर बयान दिया।
'हमारे बस में नहीं'
टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को महामुकाबला खेला जाना है। इससे पहले पाकिस्तान सरकार ने इस बात का एलान किया है कि उनकी टीम इस मैच का बहिष्कार करेगी, जबकि बाकी मुकाबले खेलेगी। इस पर जब कैप्टंस मीट के दौरान सलमान आगा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हमारे बस में नहीं है। आगा ने कहा, 'भारत के साथ मैच हमारे कंट्रोल में नहीं है। यह सरकार और पीसीबी का फैसला है और हम उसका सम्मान करते हैं। वे जो भी कहेंगे, हम वही करेंगे।'
नॉकआउट में भी भारत से नहीं खेलेगा पाकिस्तान?
इस दौरान जब आगा से पूछा गया कि नॉकआउट में अगर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला तय होता है तो उस मैच का भी टीम बहिष्कार करेगी? इस पर उन्होंने कहा कि सरकार जो भी फैसला लेगी, वह उसका पालन करेंगे। उन्होंने आगे कहा, 'अगर हमें सेमीफाइनल या फाइनल में उनसे (भारत) दोबारा खेलना पड़ा, तो हमें उनके (पाकिस्तान सरकार) पास वापस जाना होगा और उनकी सलाह पर अमल करना होगा।'
पीसीबी नहीं, पाकिस्तान सरकार ने किया एलान
पाकिस्तान ने टी20 विश्वकप का बहिष्कार नहीं, बल्कि 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में होने वाले मैच का बहिष्कार करने का एलान किया है।
यह एलान पीसीबी की ओर से नहीं, बल्कि पाकिस्तान सरकार की तरफ से आया है। उन्होंने प्रेस रिलीज जारी कर इसका एलान किया।
हालांकि, आईसीसी ने कहा था कि उन्हें पीसीबी की ओर से कोई जानकारी नहीं मिली है।
इससे पहले सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार पर बांग्लादेश को विश्व कप से हटाकर स्कॉटलैंड को उसकी जगह शामिल किया गया था।
भारत पाकिस्तान मैच क्रिकेट के सबसे दिलचस्प मुकाबलों में से एक है और इससे काफी रेवेन्यू जनरेट होता है। पाकिस्तान द्वारा बहिष्कार की स्थिति में रेवेन्यू को नुकसान पहुंचेगा।
शरीफ ने अपने बयान में क्या कहा था
भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के मैच के बहिष्कार को सही फैसला बताते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने कहा कि बांग्लादेश के समर्थन के लिए यह सोच समझकर लिया गया फैसला बताया था।
शरीफ ने बुधवार को सरकार की एक बैठक के बाद कहा, 'हमने टी20 विश्व कप पर स्पष्ट रूख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। हमने सोच समझकर यह रूख अपनाया है और हम पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ हैं। मुझे लगता है कि यह बिल्कुल सही फैसला है।'